
जोधपुर. मारवाड़ के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। जोधपुर में बादलों के कारण पारा 35 डिग्री को पार नहीं कर पाया। जिले के पीपाड़ में 28 मिलीमीटर बारिश हुई। वहां सडक़ों पर बाळे बह निकले। पर्वतीय स्थल माउंट आबू में 21.6 मिमी पानी बरसा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून सक्रिय है। जोधपुर सहित पश्चिमी राजस्थान में भी हल्की से लेकर मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। सप्ताहांत में अच्छी बारिश की उम्मीद है।
सूर्यनगरी में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री रहा। सुबह घने काले बादल छाए रहने के कारण मौसम सुहाना रहा। इस दौरान बूंदाबांदी भी हुई। दिन चढऩे के बाद बादल आते-जाते रहे लेकिन अच्छी बारिश की उम्मीद शाम तक परवान नहीं चढ़ पाई। बादलों की रेलमपेल के कारण अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री मापा गया। जिले के अधिकांश ग्रामीण हिस्सों में भी सूखा ही रहा।
जैसलमेर और बाड़मेर उमस भरी गर्मी से क्षेत्रवासी हलकान हो गए। जैसलमेर में रात का पारा 28.5 व दिन का 38.3 डिग्री मापा गया वहीं में न्यूनतम तापमान 28.6 व अधिकतम 37.6 डिग्री रहा।