जोधपुर

Rajasthan Weather: सीजन का सबसे ठंडा दिन

Rajasthan Weather Update - प्रदेश के उत्तरी हिस्से में घना कोहरा रहने की चेतावनी- 48 घण्टे बाद कड़ाके की सर्दी पडऩे का पूर्वानुमान
2 min read
Rajasthan Weather: सीजन का सबसे ठंडा दिन
Rajasthan Weather: सीजन का सबसे ठंडा दिन

जोधपुर. पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होते ही शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान लुढकक़र 26 से 27 डिग्री के पास आ गया। जोधपुर सहित अधिकतर शहर-कस्बों में यह इस सीजन का सर्वाधिक ठंडा दिन था। रात के साथ दिन में भी सर्दी महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश के उत्तरी हिस्से में मध्यम से लेकर घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। उधर पहाड़ों पर बर्फबारी और उत्तरी हवा बहने से 48 घण्टे बाद कड़ाके की सर्दी पडऩे का पूर्वानुमान है। इस दौरान जोधपुर में रात का पारा 7-8 डिग्री तक पहुंच जाएगा।

सूर्यनगरी में शनिवार सुबह तापमान 13.5 डिग्री रहा। वातावरण में नमी होने और हवा बहने के कारण अन्य दिनों की तुलना में सर्दी का अहसास अधिक रहा। सूर्योदय के बाद धूप निकली लेकिन धूप में तपिश कम होने से सुबह-सुबह लोग घरों में ही दुबके रहे। दिन में धूप खिलने लगी तो मौसम कुछ सामान्य होने लगा। दोपहर में तापमान 26.4 डिग्री पर पहुंचा। शाम ढलने के साथ ही फिर से मौसम में ठंडक हो गई। रविवार को तापमान में और अधिक गिरावट आएगी। फलोदी में न्यूनतम तापमान 11.8 व अधिकतम 27.6 डिग्री रहा।

जैसलमेर में दिन में भी ठिठुरन
सोनार नगरी जैसलमेर में रात का पारा 9.3 व दिन का 23.9 डिग्री रहने से दिन में भी सर्दी रही। लोगों को गर्म कपड़े पहनने पड़े। दूर धोरों में पारा अधिक नीचे जाने से क्षेत्रवासियों ने राहत के लिए अलाव लगाए। बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 13.2 और अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री रहा। पर्वतीय स्थल माउंट आबू में पारा 5.4 व दिन का 17.6 डिग्री रहा। श्रीगंगानगर में तापमान 8.4 व चूरू में 9.6 डिग्री मापा गया।

जोधपुर में दस दिन में 6 डिग्री तक गिरा दिन का पारा
तिथि ------------- अधिकतम तापमान
3 दिसम्बर --------- 33.3
4 दिसम्बर --------- 32.2
5 दिसम्बर --------- 30.7
6 दिसम्बर --------- 31.5
7 दिसम्बर --------- 32.4
8 दिसम्बर --------- 32.3
9 दिसम्बर ---------31.5
10 दिसम्बर --------- 30.8
11 दिसम्बर --------- 27.2
12 दिसम्बर --------- 26.4

Published on:
12 Dec 2020 07:14 pm