
भोपालगढ़ नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर आमजन एवं किसानों के हितों के लिए एक साल के कार्यकाल में कोई भी विशेष कार्य नहीं करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस के कई प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर के नेताओं पर कटाक्ष भी किए। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस व उसके नेताओं द्वारा पिछले विधानसभा चुनावों में भोपालगढ़ से रालोपा प्रत्याशी पुखराज गर्ग की जीत होने के कारण क्षेत्र की जनता के साथ सौतेला व्यवहार करने का भी आरोप लगाया। साथ ही लोगों के समक्ष इस क्षेत्र के विकास के लिए अपने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पूरी सिद्दत के साथ काम करने का भरोसा भी जताया। बेनीवाल रविवार को भोपालगढ़ विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहे और इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात कर उनके हालचाल जाने। इस दौरान उन्होंने कई धार्मिक कार्यक्रमों में भी शिरकत की और शिवनाथनगर-रजलानी में जाट समाज एवं किसान कौम के आराध्या लोकदेवता वीर तेजाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद रात्रि में उन्होंने जोधपुर जाते समय रास्ते में सुरपुरा कलां गांव में भी तेजाजी के मंदिर में दर्शन कर अपने लोकदेवता को धोक लगाई।
रालोपा प्रवक्ता भागीरथसिंह नैण ने बताया कि उन्होंने जोधपुर जाते समय रात्रि में सुरपुरा कलां गांव में लोकदेवता सत्यवादी वीर तेजाजी महाराज के नवनिर्मित मंदिर के उद्घाटन व प्रतिमा अनावरण समारोह में भाग नहीं ले पाने के कारण स्थानीय कार्यकर्ताओं के समक्ष खेद जताते हुए मंदिर दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ तेजाजी के चरणों में धोक लगाई। (निसं)
पंचायत चुनावों को लेकर चर्चा की
क्षेत्र के दौरे पर आए रालोपा के राष्ट्रीय संयोजक व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने एलआरसी फार्म पर स्थानीय विधायक पुखराज गर्ग एवं पार्टी के जिला संयोजक राजूराम खोजा समेत कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों को लेकर चर्चा की।