
जोधपुर. कोरोना मृतकों की संख्या में इजाफा बदस्तूर जारी है। एक के बाद हर रोज मौतें हो रही है। शहर में मंगलवार को कोरोना के एक साथ 414 नए केस सामने आए। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान जोधपुर में 6 और मथुरादास माथुर अस्पताल में दो कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई। जोधपुर में अब तक 4415 मरीज संक्रमित और 550 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। बीते 10 दिन में 3863 मरीज संक्रमित और 545 से ज्यादा मौतें हो चुकी है। कोरोना का अंत बताना चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के लिए मुश्किल बनता जा रहा है।
एमडीएम अस्पताल में बीजेएस कॉलोनी मोहन नगर निवासी भंवरसिंह ( 65) व फलोदी होपारडी निवासी अयूब ( 22) की मौत हो गई। अयूब को हैड इंजरी भी थी। एम्स जोधपुर में पुख रतन सिंघी ( 90), फलोदी निवासी मिश्रीलाल (95 ), जॉय एमएम (57 ), ए सुभाष मार्ग मसूरिया शास्त्रीनगर निवासी लक्ष्मी शर्मा (70 ), सुमेरसिंह रावत ( 31) का भी निधन हो गया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में 278 संक्रमित बताए गए। जोन अनुसार मसूरिया जोन में 27 और सालावास लूणी में सर्वाधिक 17 संक्रमित बताए गए। जबकि संक्रमितों की संख्या इससे अधिक है। निजी अस्पताल के संक्रमित और मौतें तो छिपाई जा रही है।