
जोधपुर.शहर में बढ़ रहे कोरोना मामलों का असर जिला न्यायालय तक बढ़ गया है। जिला न्यायालय परिसर के नजदीकी ही कलेक्टेड,एकल खिड़की,एसबीआई बैंक मुख्यालय,रजिस्ट्री ऑफिस तथा अन्य महत्वपूर्ण विभागों के कार्यालय होने के कारण परिसर में आम लोगों का रेलमपेल दिन भर लगा रहता है। सरकारी निर्देशों के बावजूद यहां पर कोरोना गाइडलाईन की पालना दिखाई नहीं देती।पिछले दिनों कई अधिवक्ता,कोर्ट कर्मचारी तथा मजिस्ट्रेट कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं,इसी के चलते सोमवार को अधिवक्ताओं ने राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष रणजीत जोशी को ज्ञापन सौंपकर जिला न्यायालयों में हो रही सुनवाई को ऑनलाइन करने तथा कोरोना गाइडलाईन सख्ती से पालन करवाने की मांग की। पूर्व उपाध्यक्ष कपिल बोहरा तथा पूर्व महासचिव धनराज वैष्णव के नेतृत्व में अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष जोशी से मिलकर समस्या के बारे में विस्तृत चर्चा की।अध्यक्ष जोशी तथा महासचिव पर प्रहलादसिंह भाटी ने चीफ जस्टिस को एक पत्र भेज कर लोअर कोर्ट में भी सुनवाई वीडियो कांफ़्रेंसिंग के जरिए करवाने की मांग की है। गौरतलब है कि कोरोना महामारी के चलते राजस्थान उच्च न्यायालय जोधपुर तथा जयपुर बेंच में आगामी एक अक्टूबर तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई करने के आदेश पहले ही दिए जा चुके हैं, वकीलों की मांग है कि ऐसी व्यवस्था अधीनस्थ न्यायालयों में भी की जानी चाहिए।