
जोधपुर. शहर में कोरोना का डर फिर से सताने लगा है । फरवरी में जहां कोरोना संक्रमितों की संख्या कम होने लगी थी, वहीं मार्च में संक्रमितों की बढ़ती संख्या फिर से डराने लगी है। फरवरी की अपेक्षा मार्च में संक्रमित ज्यादा आ रहे हैं। इस माह के शुरूआती ९ दिन में संक्रमितों की संख्या पिछले माह की अपेक्षा ज्यादा आई है। फरवरी के शुरूआती नौ दिन की तुलना करे तो ३२ रोगी ज्यादा हैं। फरवरी में एक दिन में संक्रमित २० के पार नहीं पहुंचे थे, लेकिन इस माह में २५ कोरोना संक्रमित भी सामने आए हैं। माह अनुसार नौ दिनों की स्थिति देखें तो जनवरी में ७ की मौत, फरवरी-मार्च में १-१ मौत हुई है।
माह अनुसार संक्रमितों की संख्या
नौ जनवरी तक-४८६
नौ फरवरी तक-११३
नौ मार्च तक-१४५
महाराष्ट्र जितना असर नहीं
जिस प्रकार महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण आंखें तरेरे हुए है। उतना असर जोधपुर में नहीं देखा जा रहा है। फिर भी आशंका बनी हुई है कि कोरोना संक्रमण कभी भी रफ्तार पकड़ सकता है। इसी के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग मुस्तैद है। जानकारों के अनुसार संक्रमण की संख्या बढ़ती है तो मौतों का आंकड़ा भी बढ़ेगा। गनीमत है कि जोधपुर में संक्रमण का नया स्ट्रेन भी पकड़ में नहीं आया है, जो भी सुखद संकेत है। डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज से नए स्ट्रेन की पहचान के लिए भी नमूने भेजे जा रहे है, लेकिन अब तक सभी रिपोर्ट नेगेटिव आई है।