
जोधपुर।
वैश्विक कोरोना महामारी के कारण लागू लॉकडाउन में आमजन के साथ सभी प्रकार की गतिविधियां लगभग बंद है। ऐसे में अन्नदाता कहे जाने वाले किसानों की कृषि संबंधित गतिविधियां बाधित नहीं होगी। इसके लिए जोधपुर कृषि विश्वविद्यालय पश्चिमी राजस्थान की आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को उन्नत बीज उपलब्ध कराएगा। विश्वविद्यालय ने अगले माह से शुरू होने वाली खरीफ की बुवाई के लिए बाजरा, तिल, मूंग-मोठ, ग्वार आदि के करीब 1000 क्विंटल बीज तैयार किए है।
--
ग्रेडिंग व पैकिंग चल रही
विवि के अतिरिक्त निदेशक (बीज) डॉ सीताराम कुम्हार के निर्देशन में विवि की विभिन्न इकाइयों पर बीज तैयार किए जा रहे है। किसानों को बुवाई के लिए समय पर बीज उपलब्ध कराने के लिए विवि ने कोरोना गाइडलाइन की पालना करते हुए बीज तैयार किए है। अब बीजों की ग्रेडिंग व पैकिंग की जा रही है। जिसमें अधपके, खरपतवारों के बीज, बीमारीग्रस्त बीज व अन्य कचरे को बीजों से अलग कर एक ही साइज के बीजों को अलग माप की थैलियों में पैक कर किसानों को उपलब्ध कराया जाएगा।
-----
विश्वविद्यालय ने खरीफ सीजन के प्रमुख फसलों के उन्नत बीज तैयार किए है, जो किसानों को उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि कोरोना की वजह से बुवाई बाधित न हो और किसानों को समय पर बीज उपलब्ध हो सके।
प्रो बीआर चौधरी, कुलपति
कृषि विश्वविद्यालय, जोधपुर