जोधपुर

जोधपुर आए थे जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कोरोना वायरस संदिग्ध इटालियन दंपती, होटल में हुई स्क्रीनिंग

जयपुर एसएमएस में कोरोना वायरस से प्रभावित इटली के पर्यटक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद यहां भी स्वास्थ्य विभाग में हडक़ंप मच गया। यह रोगी अन्य पर्यटकों के साथ 25 फरवरी को यहां शास्त्री सर्किल स्थितहोटल जोन पार्क में रुका था।
less than 1 minute read
coronavirus infected italian couple came to jodhpur for tourism
जोधपुर आए थे जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कोरोना वायरस संदिग्ध इटालियन दंपती, होटल में हुई स्क्रीनिंग

जोधपुर. जयपुर एसएमएस में कोरोना वायरस से प्रभावित इटली के पर्यटक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद यहां भी स्वास्थ्य विभाग में हडक़ंप मच गया। यह रोगी अन्य पर्यटकों के साथ 25 फरवरी को यहां शास्त्री सर्किल स्थितहोटल जोन पार्क में रुका था। मेडिकल कॉलेज व स्वास्थ्य विभाग की टीमें मंगलवार दोपहर बाद होटल में पहुंची और पर्यटकों के सम्पर्क में आए होटल स्टाफ, ड्राइवर व अन्य लोगों की स्क्रीनिंग की। वहां से एक व्यक्ति का सैम्पल लिए जाने की खबर है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इस बारे में कुछ भी बोलने से बचते रहे। यह व्यक्ति जयपुर में पॉजिटिव पाए गए दम्पती के ज्यादा नजदीक रहा था।

संदिग्ध की रिपोर्ट नेगेटिव
इस बीच, मथुरादास माथुर अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती इरान से आए संदिग्ध रोगी की रिपोर्ट नेगेटिव आने पर मेडिकल कॉलेज व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने राहत की सांस ली। एमडीएम अस्पताल में भर्ती मूलत: शेरगढ़ और हाल जोधपुर के पहाडगज़ निवासी रोगी को भर्ती कर नमूना जांच के लिए सोमवार को जयपुर भेजा गया था।

रैपिड रेस्पांस टीम का गठन
कोरोना वायरस पर अंकुश के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के अतिरिक्त मुख्य सचिव रोहित कुमार सिंह के निर्देश पर मेडिकल कॉलेज स्तर पर रैपिड रेस्पांस टीम गठित की गई है। पीएसएम विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर इसके नोडल अफसर होंगे। ये रोगी के सम्पर्क में आए लोगों की जांच कर सैंपल लेंगे। स्वास्थ्य परीक्षण की जिम्मेदारी मेडिसिन व शिशु रोग विभाग को दी गई है। संदिग्ध रोगियों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया जाएगा। संदिग्ध रोगी के रुकने के स्थान को संक्रमणमुक्त करने का काम माइक्रोबायोलॉजी विभाग के चिकित्सक करेंगे। इसमें एपिडोमोलोजिस्ट व आईडीएसपी की मदद ली जाएगी। सीएमएचओ रोकथाम की गतिविधियों की मॉनिटरिंग करेंगे।

Published on:
04 Mar 2020 11:05 am