
जोधपुर। जोधपुर शहर निवासी पहली कोरोना संक्रमित प्रसूता ( coronavirus Positive Pregnant ) ने बुधवार को एक बच्ची को जन्म दिया। नवजात और मां दोनों स्वस्थ है। बच्ची का सात दिन बाद टेस्ट ( covid 19 ) होगा। प्रसूता की बच्ची का वजन 2.8 किलोग्राम हैं।
प्रतापनगर संजय सी कॉलोनी वार्ड नंबर 18 निवासी मेहरूनिशा (19) पत्नी एहजाज को दो दिन पूर्व कोरोना हुआ था। इसके संक्रमित आने के बाद एमडीएम अस्पताल के जनाना विंग में उसका प्रसव कराया गया। प्रसव पूर्ण रूप से सामान्य हुआ।
एमडीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ. महेन्द्र कुमार आसेरी ने बताया कि दोनों मां-बच्ची स्वस्थ है। उन्होंने पूरी टीम की सराहना की। प्रसव कार्य में डॉ. स्वाति, डॉ. रूचि, नर्सिंग स्टाफ पूनम सेन, जसराज चौहान व नरेश गुर्जर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जानकारी अनुसार एक और संक्रमित प्रसूता प्रसव की कतार में है। हालांकि इस बारे में अस्पताल प्रशासन ने कोई ज्यादा जानकारी नहीं दी है।
गौरतलब है कि इससे पहले जालोर निवासी एक महिला का सिजेरियन प्रसव एमडीएम अस्पताल में हुआ था। लेकिन इस प्रसूता की सैकंड रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। लेकिन इस बार पूर्ण रूप से संक्रमित प्रसूता का प्रसव कराया गया है। जोधपुर में पहली बार किसी कोरोना संक्रमित प्रसूता ने अपनी बच्ची को जन्म दिया है।