जोधपुर

शिकायतों को अनसुना कर रहा निगम, कैसे स्वच्छ होगा शहर

शिकायतों को अनसुना कर रहा निगम, कैसे स्वच्छ होगा शहर
2 min read
शिकायतों को अनसुना कर रहा निगम, कैसे स्वच्छ होगा शहर
शिकायतों को अनसुना कर रहा निगम, कैसे स्वच्छ होगा शहर

-कहीं गंदगी से परेशान कहीं लापरवाही पड़ सकती है जान पर भारी

जोधपुर. एक तरफ नगर निगम शहर को स्वच्छता सर्वेक्षण में अव्वल रखने के लिए लोगों को जागरुक करने की बात कह रहा है वहीं दूसरी तरफ उनके ही नुमाइंदों की लापरवाही के चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि भीतरी शहर के कई मोहल्लों में खुले सीवरेज मेनहॉल व गंदगी से आमजन परेशान हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान अवगत करवाने के बाद भी नहीं हो रहा है। जबकि कुछ दिन बाद ही स्वच्छता सर्वेक्षण भी होना है। पत्रिका टीम ने भी ऐसी ही कई कॉलोनियों में जाकर लोगों की पीड़ा जानी।

कबूतरों का चौक: गंदगी व खुले मेनहॉल हादसों को दे रहे दावत

यहां पर गांधी मूर्ति के पास वाले मार्ग पर सीवरेज लॉइन चॉक होने से सडक़ पर जमा गंदा पानी राहगीरों के लिए परेशानियों का सबब बन रहा है। जयसिंह व ऋषि माहेश्वरी ने बताया कि इस सडक़ पर प्रतिदिन यही स्थिति रहती है। थोड़ा आगे ही इशकिया स्कूल के बाहर खैरादियों का बास में खुले सीवरेज के मेनहॉल से कभी भी हादसा हो सकता है। क्षेत्रवासी अब्दुल हमीद, मोहम्मद असलम, मोहम्मद तुबेल, मोहम्मद हुसैन, जमील हमीद आदि का कहना है कि हाल ही में टैक्सी भी पलट गई थी।

खांडा फलसा: आए दिन सीवरेज लाइन हो रही चॉक

क्षेत्र के मुस्लिम यतीमखाने के पास रहने वाले लोगों की मुख्य समस्या सीवरेज लाइन की चौड़ाई छोटी होना है। इसके चलते आए दिन लाइन चॉक हो जाती है। क्षेत्रवासी कासम राठी ने बताया कि सीवरेज की सफाई एवं नई लाइन डालने के लिए जनप्रतिनिधियों से लेकर निगम को भी लगातार अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन बजाय समाधान के टरकाया जा रहा है। ऐसे में यहां होने वाली गंदगी से संक्रमण की आशंका भी है।

भीतरी शहर: क्षतिग्रस्त सडक़ों की कोई नहीं ले रहा सुध
भीतरी शहर में रहने वाले लोगों ने पत्रिका से बातचीत में पीड़ा जाहिर करते हुए बताया कि एक तरफ सीवरेज का पानी मार्ग में बहता रहता है, वहीं दूसरी तरफ कई जगहों पर सडक़ क्षतिग्रस्त है। इसके चलते आए दिन गड्ढ़ों में गिरने से हादसे भी हो रहे हैं। खासतौर पर दुपहिया वाहन चालकों को विकट समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन को इस और ध्यान देना चाहिए।

Published on:
15 Jan 2020 08:42 pm