
जोधपुर. जोधपुर एयरपोर्ट पर गुरुवार को लगातार दूसरे दिन कोरोनो पॉजिटिव व्यक्ति हवाई सफर के लिए पहुंचा। बेंगलुरू फ्लाइट में बैठने से पहले ही सूचना मिलने पर एयरपोर्ट प्रशासन ने ट्रेस कर लिया। पुलिस व चिकित्सा विभाग की रेपिड रेस्पोंस टीम ने एयरपोर्ट पहुंचकर कोरोना व्यक्ति को एम्बुलेंस में बैठाया। होम क्वारेंटीन व्यक्ति के बाहर भागने के डर से अब उसे सीधा बोरानाडा स्थित कोविड केयर सेंटर में भर्ती कर किया गया है।
लगातार दूसरे दिन एयरपोर्ट पर कोविड-19 से संक्रमित यात्री आने पर एयरपोर्ट प्रशासन और सीआईएसएफ के माथे पर चिंता की लकीरें घिर आई। इंडिगो की जोधपुर-बेंगलुरू फ्लाइट, चैन्नई फ्लाइट से बाद में थी। अगर यात्री को चैन्नई जाना होता तो सूचना मिलने से पहले ही वह चैन्नई के लिए उड़ चुका होता। उधर चिकित्सा विभाग ने व्यक्ति के विरुद्ध झंवर पुलिस थाने में महामारी एक्ट का उल्लंघन करने का मामला दर्ज कराया है।
पहले पॉजिटिव, फिर नेगेटिव आया, होम क्वारेंटीन तोड़ा
यह व्यक्ति 4 अक्टूबर को जांच में कोरोना पॉजिटिव मिला। चिकित्सा विभाग ने उसे होम क्वारेंटीन कर दिया। दो दिन पहले उसे फिर से चोरी-छिपके जांच करवाई, जिसमें वह नेगेटिव आ गया। गुरुवार सुबह चिकित्सा विभाग की टीम ने रुटिन खैर-खबर के लिए इस व्यक्ति को फोन किया। इसने बताया कि वह नेगेटिव आ गया है और अब फ्लाइट सें बेंगलुरू जा रहा है। चिकित्सा विभाग ने एयरपोर्ट फोन किया, जहां व्यक्ति के पहुंचते ही इसे पकड़ लिया गया। बुधवार को सरदारपुरा निवासी एक युवती भी इस तरह से फ्लाइट में चैन्नई जाने से पहले पकड़ी गई।
दो-तीन दिन बाद नेगेटिव आना बड़ी बात नहीं
चिकित्सा विभाग के अनुसार एक बार पॉजिटिव आने के दो-तीन बाद अगर वापस कोरोना जांच करवाते हैं तो दवाइयों के कारण व्यक्ति पॉजिटिव से नेगेटिव हो सकता लेकिन उसमें दूसरों का संक्रमित करने की क्षमता रहती है। एक बार पॉजिटिव मिला व्यक्ति भले ही अगले दिन नेगेटिव आ जाए, उसको 17 दिन का क्वारेंटीन पूरा करना ही होगा।