
जोधपुर. जोधपुर में 41 हजार 5 सौ कोविड वैक्सीनेशन की डोज जयपुर से जोधपुर पहुंच गई है। अब शुक्रवार को शहर व जिले में 110 सेंटर्स पर टीकाकरण होगा। आरसीएचओ डॉ. कौशल दवे ने बताया कि शुक्रवार सुबह 6 बजे कोविशिल्ड व कोवैक्सीन की डोज जोधपुर पहुंच गई है। वैक्सीन आने के बाद अब टीकाकरण कार्य सुचारू रूप से चलेगा। वैक्सीन आने के बाद तुरंत सभी सेंटर्स पर भेज दी गई। वैक्सीन के आगमन पर चिकित्सा विभाग ने भी राहत की सांस ली।
वहीं गुरुवार को हैल्थ वर्कर्स को प्रथम डोज 10, द्वितीय डोज 4, 45 से 59 आयु वर्ग को 71 व 60 से अधिक आयु वर्ग को 150 जनों को कोविड वैक्सीनेशन लगाया गया। कुल प्रथम डोज 231 जनों को लगी। सैकंड डोज 4 जनों को लगाई गई। इसके लिए कुल 9 सेंटर बनाए गए थे।
14 नए कोरोना पॉजिटिव रोगी मिले
शहर में गुरुवार को कोरोना के 14 नए केस मिले। वहीं 11 मरीजों को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया। पिछले कई दिनों से जोधपुर में संक्रमण दर 1 से 3 के बीच चल रही है। सैंपलिंग भी डेढ़ हजार से ज्यादा नहीं हो रही है। कोरोना के दूसरे राज्यों में बढ़ते प्रकोप के कारण चिकित्सा विभाग अलर्ट है। गुरुवार को एक भी रोगी की मौत दर्ज नहीं की गई। जोन अनुसार प्रतापनगर, मसूरिया, शास्त्रीनगर, मधुबन व बीजेएस में 1-1 संक्रमित सामने आए हैं। शहर परकोटा-रेजिडेंसी जोन में 3-3 और महामंदिर जोन में 2 संक्रमित मिले हैं। देहात में केवल बनाड़ ( मंडोर) ब्लॉक में 1 संक्रमित मिला है। इस माह के 11 दिनों में 176 संक्रमित रोगी सामने आ चुके हैं और 1 मौत हो चुकी है। अब तक 61458 रोगी संक्रमित और 923 की मौत हो चुकी है।