
जोधपुर . शहर में लुटेरों का खौफ लगातार बढ़ रहा है। लुटेरे महिलाओं को निशाना बना रहे हैं। सोमवार दोपहर में बनाड़ में एक वृद्धा के साथ अज्ञात लोगों ने मारपीट कर जेवरात लूटकर भाग गए। रविवार रात को शहर की १२वीं रोड पर लुटेरों ने स्कूटी पर जा रही महिला के हाथ से बैग लूट लिया। दोनों वारदातों में पुलिस के हाथ सुराग नहीं लगे हैं।
वृद्धा पर हमला कर जेवरात लुटे
बनाड़ थाना पुलिस के अनुसार नांदड़ा कलां निवासी कालसी पत्नी कुनाराम सरगरा शौच के लिए जा रही थी। इस दौरान रास्ते में नांदड़ा कलां क्षेत्र में झाडि़यों से अज्ञात लुटेरे आए और उसे घसीटकर झाडिय़ों में ले गए। महिला से मारपीट की और चाकू दिखाकर सोने की कंठी व सोने का बोर ले भागे। घायल वृद्धा को लोग अस्पताल ले गए। सूचना पर बनाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वारदात के बाद पुलिस ने नाकाबंदी भी करवाई, लेकिन लुटेरों का सुराग नहीं लगा। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
स्कूटी पर जा रही महिला का बैग लूटा
प्रताप नगर थाना पुलिस के अनुसार शोभावतों की ढाणी मरुधर केसरी नगर निवासी जमना बानो पत्नी अब्दुल बेलिम अपने दो बच्चों को स्कूटी पर लेकर जा रही थी। १२वीं रोड पर पीछे से तेज गति में बाइक पर आए दो युवकों ने झपट्टा मारकर बैग छीनकर भाग गए। बैग में पांच हजार रुपए व अन्य सामान था। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर लुटेरों की तलाश कर रही है।
महंगा मोबाइल खरीदने के लिए लूट ली सोने की चेन
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के सेक्टर १६ में बबूल की झाडि़यों के पास रविवार देर शाम सब्जी लेकर पैदल घर लौट रही वृद्धा को धक्का देकर सोने की चेन लूटने की वारदात का सोमवार को पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने इस प्रकरण में एक नाबालिग किशोर को संरक्षण में लिया है। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस के अनुसार सेक्टर १६ निवासी विजयलक्ष्मी (६५) पुत्री छगनलाल माथुर को सेक्टर १६ में बबूल की झाडि़यों से निकले एक जने ने धक्का देकर गले में पहनी सोलह ग्राम सोने की चेन लूट ली थी। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर फुटेज की जांच की तो सामने आया कि १६ सेक्टर निवासी एक किशोर इस वारदात को अंजाम दे सकता है। इस पर पुलिस ने उसे संरक्षण में लेकर पूछताछ की। उसने वारदात कुबूल कर ली। उसने कुबूल किया कि महंगा मोबाइल खरीदने के शौक में उसने यह वारदात की।
नाकाबंदी तोड़कर भागा युवक, पुलिस ने पकड़ा
सरदारपुरा में सोमवार देर रात को बाइक सवार युवक नाकाबंदी तोड़ भाग गया। हालांकि पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उससे देर रात तक पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार रात में एहतियात नाकाबंदी जारी थी। इस दौरान एक युवक बाइक लेकर आया और पुलिस को देखकर नाकाबंदी तोड़कर भाग गया। पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया। युवक नाकाबंदी तोड़कर क्यूं भागा, इस बारे में पूछताछ जारी है।