
जोधपुर।
कोरोना की वजह से लागू लॉकडाउन के 47 दिन बाद शहर के प्रमुख बाजार त्रिपोलिया व सोजती गेट का नई गाइडलाइन के अनुसार सीमित समय के लिए खुलना थोड़ा अजीब था। इसके बावजूद अधिकांश व्यापारियों ने दुकानें खोली। व्यापारी दुकानों की सफाई, लंबे समय से दुकानों में अस्त-व्यस्त पड़े स्टॉक को व्यवस्थित करने में रहे। हालांकि पहले दिन ग्राहकों का रुझान कम देखा गया, व्यापारियों में दुकानें खोलने की खुशी झलक रही थी लेकिन दुकानें खोलने के सीमित समय को लेकर मायूस भी थे। ग्राहकों का दुकानों में नहीं, लेकिन मार्केट में गुजरने का दौर चल रहा था। दुकानें बंद करने के लिए तय समय ग्यारह बजने के दस मिनट पहले पुलिस की गाड़ी द्वारा दुकानें बंद करने के अनाउंस के साथ व्यापारी अलर्ट होकर दुकानें बंद कर घर की ओर जाने लगे। इस दौरान त्रिपोलिया बाजार, सोजती गेट पर लोगों के घर जाने की जल्दी में सड़कों पर वाहनों की रेलमपेल लग गई।