
जोधपुर. मौसमी परिस्थितियों में बदलाव से मारवाड़ में दिन के तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। बुधवार को बाड़मेर में जहां पारा 33 डिग्री को पार कर गया वहीं जोधपुर में भी 31 डिग्री रहने से सर्दी से काफी राहत रही। मौसम विभाग के अनुसार पारे में उतार-चढ़ाव के साथ रात ठंडी और दिन में राहत का मौसम रहेगा।
सूर्यनगरी में बुधवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहा। हवा में 75 फीसदी नमी होने के कारण सर्दी का अहसास बना रहा। सुबह-सुबह लोगों को ऊनी कपड़े पहनने पड़े लेकिन दिन चढऩे के साथ सर्दी का असर कम होता गया। दोपहर में सूती कपड़ों में ही काम चल रहा था। तीखी धूप में तपिश महसूस हो रही थी। शाम को भी अधिक सर्दी नहीं थी। रात को धीरे-धीरे सर्दी का असर बढऩे लगा। दूरदराज के खुले क्षेत्र और ग्रामीण इलाकों में अपेक्षाकृत अधिक सर्दी महसूस की गई। फलोदी में न्यूनतम तापमान 12.6 व अधिकतम 31.4 डिग्री रहा।
जैसलमेर और बाड़मेर में रात का तापमान क्रमश: 12.8 व 13.9 और दिन का 31 व 33.1 डिग्री मापा गया।