
जोधपुर. मौसमी परिस्थितियों में बदलाव से सोमवार को मारवाड़ के अधिकांश हिस्सों में दिन व रात के तापमान में बढ़ोतरी होने से सर्दी कुछ राहत मिली। रात को सर्द मौसम बना हुआ था लेकिन दिन में चटख धूप के कारण पारा तीस डिग्री को पार कर गया। माउंट आबू में पारा जमाव बिंदू पर यानी शून्य डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में कोई विशेष गिरावट नहीं होगी जिससे सर्दी से आराम रहेगा।
सूर्यनगरी में सोमवार को न्यूनतम तापमान करीब दो डिग्री उछलकर 8.3 डिग्री पर आ गया। पारे में उछाल के बावजूद सुबह-सुबह तेज सर्दी महसूस की गई, हालंाकि सूरज के क्षितिज पर चढऩे के साथ सर्दी का असर कम होता गया। मौसम साफ होने से सूर्यदेव ने अपनी चमक दिखाई और दिन का पारा 30.3 डिग्री पर आ गया। दिन में सर्दी बहुत कम थी। शाम ढलने के बाद भी सर्दी धीरे-धीरे बढ़ी। ग्रामीण हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम रहा। फलोदी में न्यूनतम तापमान 12.2 व अधिकतम 30.6 डिग्री रहा।
जैसलमेर व बाड़मेर में रात का तापमान क्रमश: 12.5 व 10 और दिन का 29.4 व 31.8 डिग्री मापा गया।