
जोधपुर. मारवाड़ में सोमवार को आसमां साफ होने और धूप खिली रहने से दिन व रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। जोधपुर सहित कई स्थानों पर दिन का तापमान तीस डिग्री को पार कर गया। मौसम विभाग के अनुसार रात में सर्दी और दिन में सामान्य मौसम बरकरार रहेगा।
सूर्यनगरी में सोमवार को न्यूनतम तापमान उछलकर 9.6 डिग्री पर आ गया। हवा में 70 फीसदी आद्र्रता होने से सुबह-सुबह सर्द मौसम रहा। मॉर्निंग वॉकर्स व सुबह काम पर निकलने वाले बच्चों को स्वेटर ,जैकेट, शॉल ओढऩे पड़े। स्कूलें व कॉलेज भी शुरू होने से छात्र छात्राएं भी जाब्ता करते हुए नजर आए। दिन चढऩे के साथ तीखी धूप निकल आई। सुबह गुनगुनी धूप का सेवन किया गया लेकिन सूरज के क्षिजित पर चढऩे के साथ धूप में तपिश महसूस होने लगी। दोपहर में तापमान 30.7 डिग्री रहा।
जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम रहा। फलोदी में न्यूनतम तापमान 12.2 व अधिकतम 28 डिग्री रहा। जैसलमेर और बाड़मेर में रात का तापमान क्रमश: 12.5 व 12.9 और अधिकतम 31.5 व 32 डिग्री मापा गया। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में घटत-बढ़त का मौसम बना रहेगा।