
जोधपुर. पिछले चौबीस घण्टे के दौरान अधिकांश उत्तरी भारत में बादल-बरसात, ओले और आंधी का मौसम होने से सर्दी फिर लौट आई। जोधपुर में शुक्रवार को दिन का तापमान 23.6 डिग्री ऊपर नहीं जा पाया। ठीक एक महीने पहले 6 फरवरी को यही तापमान था। सर्दी के पीछे मुडकऱ देखने से दिन का पारा 8 से 10 डिग्री तक गिर गया। गर्म कपड़े अंदर रख चुके लोगों को शुक्रवार सुबह फिर से स्वेटर, जैकेट और शॉल ओढऩे पड़े। रात को भी सर्दी रही। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर शनिवार सुबह तक समाप्त हो जाएगा। बादलों की हल्की आवाजाही जरुर रहेगी लेकिन धूप निकल आएगी। इसी के साथ तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी। होली तक मौसम सामान्य हो जाएगा।
सूर्यनगरी में बीती रात रुक-रुक छींटे गिरते रहे। बरसाती मौसम के कारण न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह गुलाबी सर्दी बनी हुई। बंद कमरों से सो कर बाहर आए शहरवासियों को अचानक से सर्दी का अहसास हुआ। मौसम में ठंडक रहने से मोटे व गर्म कपड़े पहनने पड़े। सुबह-सुबह चाय की प्याली भी और दिनों की तुलना में अच्छी लग रही थी। दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। सूर्यदेव के तो बमुश्किल ही दर्शन हो पाए। हवा में अत्यधिक नमी की वजह से दुपहिया वाहन चालकों को सर्दी का पूरा अहसास रहा। जिले के ग्रामीण हिस्सों में अधिक सर्दी रही।
जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 12.5 व अधिकतम 21.9 डिग्री रहा। बाड़मेर में रात का पारा 14.3 व दिन का 24.5 डिग्री मापा गया। शुक्रवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बरसात हुई। चूरू में 13, श्रीगंगानगर 7.6, अजमेर में 5.3 ओर जयपुर में 3 मिलीमीटर बारिश मापी गई।