
जोधपुर. तीन साल पहले राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एनएलयू) जोधपुर के एक छात्र की मौत के मामले में परिजनों ने सीबीआई जांच की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। शीर्ष अदालत ने याचिका स्वीकार करते हुए राजस्थान सरकार, सीबीआई सहित अन्य पक्षकारों को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में जवाब देने के निर्देश दिए हैं।
एनएलयू के पांचवे सेमेस्टर के छात्र विक्रांत नागाइच का शव 13-14 अगस्त 2017 की रात को विवि परिसर के सामने स्थित रेलवे ट्रेक पर मिला था। पुलिस ने आत्महत्या का मामला मानकर मर्ग दर्ज कर लिया। परिजनों की शिकायत पर करीब एक साल बाद जून 2018 में एफआईआर दर्ज हुई। इसके बाद मामला जयपुर क्राइम ब्रांच को सौंपा गया लेकिन अब तक इस मामले में चार्जशीट दाखिल नहीं की गई है।
गौरतलब है कि विक्रांत 13 अगस्त की रात को अपने दोस्तों के साथ रेस्तरां गया था। उस दिन रविवार था। उसके दोस्त तो वापस आ गए लेकिन वह नहीं आया था। रेस्तरां के पास स्थित रेलवे ट्रेक पर अगले दिन सुबह उसकी लाश मिली थी। विक्रांत के परिजनों का कहना है कि पुलिस द्वारा निष्पक्ष तरीके से जांच नहीं की जा रही है। वह गुडग़ांव निवासी अपने माता-पिता की एकलौती संतान था।