
जोधपुर. जोधपुर में कोरोना की रफ्तार मंद पड़ गई है। संक्रमितों की संख्या में कमी आई है। आजकल सैंपल भी २ हजार के आसपास लिए जा रहे है। जोधपुर में मंगलवार को 292 संक्रमित सरकारी रिपोर्ट में बताए गए, जबकि सच्चाई ये हैं कि इससे भी कम मरीज आए हैं, लेकिन अब कोरोना के वास्तविक आंकड़े बराबर करने के लिए ज्यादा संक्रमित सार्वजनिक रूप से पेश किए जा रहे है। ये भी एक प्रशासनिक चतुराई का हिस्सा है। जोधपुर में अब तक २९४८५ मरीज संक्रमित और उसमें से २४३१२ मरीज डिस्चार्ज हो चुके है। वर्तमान में एक्टिव केस ५१७१ चल रहे हैं। रिकवरी दर जोधपुर में ८२ प्रतिशत चल रही है। ये वास्तविक स्थिति सुखद भरी है, क्योंकि रोगियों की संख्या कम हो रही है।
बस, आजकल मौतें छिपा रहे
प्रशासन इन दिनों बढ़ते हुए कोरोना संक्रमितों के साथ मौतें घटाने पर कार्य कर रहा है। जोधपुर में मौतों का आंकड़ा ४०५ के बाहर पहुंच गया है। हालांकि कई निजी अस्पतालों की जानकारी अब तक प्रशासन छिपाए बैठा है। इस कारण मृतकों की सही संख्या बताना मुश्किल है।
इन 7 की हुई मौत
मथुरादास माथुर अस्पताल भर्ती जैन कॉलोनी केसर नगर सी रोड रातानाडा निवासी प्रेमसुख गहलोत (७८ ), हाईकोर्ट कॉलोनी सेनापति भवन के पास रहने वाले विरेन्द्रसिंह (६५ ), सिंधी भूट्टो का बास नागौरी गेट निवासी मो. हारून (४५ ) की मौत हो गई। महात्मा गांधी अस्पताल में भदवासिया निवासी मनोहर देवी ( ५५), अमली बास निवासी बानो बेगम (७३ ), कमला नेहरू नगर निवासी पूनाराम (७० ) और भदवासिया निवासी हंसराज ( ५८) का कोरोना से निधन हो गया।