
जोधपुर.
ओसियां उपखण्ड की तिंवरी तहसील के बालरवा गांव को कोरोना से मुक्त करने के लिए बाहर से आने वाले हर व्यक्ति को क्वॉरंटीन किया जाएगा। इसके लिए गांव के प्रवेश मार्गों पर नाका लगाकर बाहर से आने व जाने वालों को चिह्नित करने का निर्णय किया गया। वहीं, गांव से मण्डी व मजदूरों को लाने ले जाने वाली वाहनों के मालिकों को पाबंद कर सैनेटाइजर व मास्क रखने के लिए पाबंद किया जाएगा।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) धर्मेन्द्रसिंह यादव ने बताया कि बालरवा गांव में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 240 तक पहुंच गया था। एक दिन में सर्वाधिक 41 संक्रमित पाए गए थे। ग्राम पंचायत स्तरीय कोविड नियंत्रण कमेटी में कड़े फैसले लेकर लागू किए गए। जिसके फलस्वरूप संक्रमितों का आंकड़ा अब 77 तक आ गया। सरपंच अंजू सांवर परिहार ने गांव को कोरोना मुक्त बनाने का संकल्प लिया। कमेटी अध्यक्ष अनिल ने बताया कि सरपंच, उप सरपंच, एएनएम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा बीएलओ, साथिन पर्यवेक्षक, ग्राम विकास अधिकारी, पटवारी, बीट कांस्टेबल और ग्रामीणों की बैठक लेकर कड़े नियम लागू किए गए। फलस्वरूप संक्रमितों की संख्या कम हो गई।
कमेटी की शनिवार को हुई बैठक में एसीपी राजेन्द्र प्रसाद दिवाकर, एसडीएम रतनलाल रैगर, मथानिया थानाधिकारी डॉ गौतम डोटासरा, तहसीलदार बीएल मीना, सरपंच प्रतिनिधि सांवर परिहार आदि ने गांव के प्रवेश मार्गों पर नाका लगाने का निर्णय किया गया। गांव के बाहर से आने वाले हर व्यक्ति को चिह्नित कर क्वॉरंटीन किया जाएगा। मण्डी व मजदूरों को लाने वाले वाहनों में सैनेटाइजर व मास्क रखे जाएंगे। गांव में 2091 परिवारों का एक बार सर्वे हो चुका है। अब दूसरी बार सर्वे हो रहा है। एसीपी राजेन्द्र दिवाकर ने ग्रामीणों से घरों में रहने व कोर कमेटी के निर्णय की पालना करने की अपील की।