
जोधपुर।
लघु उद्योग भारती के प्रदेशाध्यक्ष घनश्याम ओझा ने जोधपुर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक व रिको के वरिष्ठ क्षेेत्रीय प्रबंधक को पत्र लिखकर औद्योगिक क्षेत्रो में भूखण्ड़ों के ऊपर से गुजरने वाली बिजली के खुली लाइनों को भूमिगत करने की मांग की है। ओझा ने डिस्कॉम व रीको अधिकारियों से पत्र द्वारा आग्रह किया कि ऐसे सभी भूखण्ड जिन पर बिजली के तार से विद्युत प्रवाह हो रही है, की जांच करवाकर वहां भूमिगत केबल लगवाने की व्यवस्था कराएं, जिससे इन भूखण्डों का औद्योगिक प्रयोजनार्थ उपयोग हो सके।
ओझा ने बताया कि जोधपुर के औद्योगिक क्षेत्रों मे कई स्थानों पर डिस्कॉम की 132 के वी लाईन के खुले तार औद्योगिक भूखण्डों के उपर से गुजर रहे है। भूखण्ड के उपर से खुले तार मे बिजली का प्रवाह होने से इन भूखण्डों का किसी प्रकार से उपयोग नही हो रहा है। मोटे अनुमान के अनुसार लगभग 2000 वर्गमीटर से भी अधिक भूमि अनउपयोगी पड़ी है। एक तरफ उद्योग लगाने के लिये भूमि उपलब्ध नही है, दूसरी तरफ अनेकों भूखण्ड बिजली की तारों के कारण खाली पड़ें है। भूमि का उपयोग नही होने से यह भूखण्ड खूले कचरागाह बने हुए है। जिससे औद्योगिक क्षेत्रों मे आने वाले देशी व विदेशी ग्राहक औद्योगिक क्षेत्र की खराब छवि लेकर जाते है।