
जोधपुर।
भगत की कोठी थाना पुलिस ने क्रिप्टो करंसी में निवेश करने के नाम पर दंत चिकित्सक से 14.60 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफतार किया। अन्य की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि प्रकरण में पाली रोड पर कृष्णा नगर निवासी प्रतीक पुत्र लक्ष्मी नारायण चारण को गिरफतार किया गया है। ठगी की राशि बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, शेष आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि रामेश्वर नगर निवासी डॉ मुकेश पालीवाल की क्षेत्र में डेंटल क्लिनिक है, जहां वर्ष 2010 में चन्द्रकला नामक महिला इलाज करवाने आई थी। अगले साल महिला ने अपने पुत्र प्रतीक से मिलवाया था। प्रतीक ने क्रिप्टो करंसी में निवेश करने पर कई गुना मुनाफा होने का झांसा दिया था। उसने 27 हजार रूपए निवेश करने का दबाव डाला। जिसका दस लाख रुपए तक मिलने का झांसा दिया था। भरोसे में आकर चिकित्सक ने किस्तों में 14.60 लाख रुपए दिए। कुछ समय बाद चिकित्सक ने प्रतिफल व मूल राशि मांगी, लेकिन आरोपी टालमटोल करने लग गए। रूपए न मिलने पर चिकित्सक को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने एफआईआर दर्ज कराई थी।