
जोधपुर. इस साल देश में टिड्डी के प्रवेश करने के डेढ़ महीने बाद टिड्डी गुरुवार शाम को जोधपुर स्थित टिड्डी चेतावनी संगठन (एलडब्ल्यूओ) के मुख्यालय तक पहुंच गई। एयरफोर्स स्थित एलडब्ल्यूओ कार्यालय के ऊपर से गुजर रहे टिड्डी दल को देखकर लोग भी हैरान रह गए। एयरपोर्ट क्षेत्र के अलावा शहर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड, अशोक उद्यान सहित कई जगह से टिड्डी गुजरी। कुछ समय के लिए पोलो ग्राउंड में भी टिड्डी बैठ गई। रेजीडेंसी रोड स्थित कुछ अफसरों के बंगलों में भी टिड्डी ने प्रवेश कर लिया। यहां पेड़ों पर बैठे टिड्डी को देखकर एलडब्ल्यूओ कार्यालय फोन किए गए।
दरअसल बीती रात को जैसलमेर के रास्ते पाकिस्तान से एक नया बड़ा टिड्डी दल घुसा था। यह गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में पहुंच गया। बाड़मेर, जोधपुर, नागौर सहित कई जिलों में छोटे से बड़े टिड्डी दल देखे गए। जोधपुर में ओसिया, भोपालगढ़, बालेसर, फलोदी सहित शहरी इलाके में टिड्डी दल पहुंचा। एलडब्ल्यूओ के तकनीशियन के अलावा कृषि विभाग ने भी नियंत्रण कार्यक्रम चलाया।
1 लाख हेक्टेयर से अधिक पर पेस्टिसाइड स्प्रे
पिछले डेढ़ महीने में देश के 8 राज्यों के एक लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल पर पेस्टिसाइड स्प्रे किया गया है। इसमें मध्य प्रदेश के 38 जिले और राजस्थान के 26 जिले शामिल है। महाराष्ट्र व गुजरात के 5-5 जिले भी कवर किए गए। इसके अलावा पंजाब, उत्तर प्रदेश के साथ हरियाणा और छत्तीसगढ़ का कुछ हिस्सा भी शामिल है।