
गौरतलब है कि फलोदी के राजकीय चिकित्सालय में ओपीडी व प्रतिदिन के एक्स-रे की संख्या को देखते हुए यहां डिजिटल एक्स-रे मशीन की आवश्यकता थी। जिस पर अब राज्य सरकार द्वारा करीब 9.50 लाख की लागत से यह मशीन अस्पताल में लगवाई जाएगी। वर्तमान में सामान्य एक्स-रे मशीन से एक्स-रे किए जा रहे है। डिजिटल मशीन के स्थापित होने के बाद मरीजों की जांच में सुविधा मिलेगी।
जरूरत के अनुसार इमेज को कर सकेंगे प्रिंट-
राजकीय चिकित्सालय के स्टोर प्रभारी एस पी चाण्डा ने बताया कि सीआर सिस्टम - सिंगल प्लेट रीडर डिजिटल रेडियोग्राफी मशीन के साथ स्पिलिट एसी, सॉफ्टवेयर, एक्स-रे कैसेट आदि उपकरण भी मिलेंगे। इस मशीन के कम्प्यूटर की मैमोरी ८० जीबी है। मशीन द्वारा लिए गए एक्स-रे को जरूरत के अनुसार छोटा या बड़ा प्रिंट ले सकते है। साथ ही एडिटिंग भी संभव होगी। उन्होंने बताया कि इस मशीन के एक्स-रे से निदान में काफी सुविधा मिलेगी।
यहां भी लगेगी डिजिटल एक्स-रे-
राज्य सरकार द्वारा सरवर, राजगढ़, कुशलगढ़, केलवाड़ा, चौहटन, नगर, माण्डल, लूणकरणसर, तलेरा, बड़ीसादड़ी, सरदारशहर, बांदीकुई, सरमथुरा, सूरतगढ़, नोहर, आमेर, मोहनगढ़, सांचौर, अकलेरा, झालरापाटन, खेतड़ी, फलोदी, टोडाभीम, दादाबाड़ी, डेगाना, बगड़ी नगर, छोटीसादड़ी, चौथ का बरवड़ा, खण्डेला, शिवगंज, निवाई, रिषभदेव, चाकसू, डिगाड़ी कलां में डिजिटल एक्स-रे मशीन उपलब्ध करवाई जाएगी।(कासं)