जोधपुर

डिस्कॉम : पोल नहीं मिले तो इधर-उधर बांध दिए तार

देणोक . डिस्कॉम के कर्मचारियों एवं उच्चाधिकारियों की लापरवाही क्षेत्र के चैनपुरा व बरसिगों का बास के घरेलू उपभोक्ताओं पर भारी पड़ रही है।
2 min read
Dec 10, 2019
Discom: The wires are tied here and there
डिस्कॉम : पोल नहीं मिले तो इधर-उधर बांध दिए तार

देणोक (जोधपुर) . डिस्कॉम के कर्मचारियों एवं उच्चाधिकारियों की लापरवाही क्षेत्र के चैनपुरा व बरसिगों का बास के घरेलू उपभोक्ताओं पर भारी पड़ रही है।

आलम है कि ठेकेदारों ने घरेलू केबल खींचते समय कई जगहों पर पोल कम होने से पेड़ों पर तार बांध दिए तो कई जगहों पर पोल छोटे पडऩे पर पोल के ऊपर लकडिय़ों को बांधकर उसके ऊपर केबल बांधकर आगे पार कर दिया। ऐसे में यहां हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है।

केस नम्बर-1


चैनपुरा ग्राम पंचायत के राजपुरोहितों की ढाणियों के आगे से गुजरने वाली घरेलू कनेक्शन के दौरान डिस्कॉम कर्मचारियों ने पोल नहीं लगाने की नियत से बीच में खड़े पेड़ों के तनों पर केबलें खींचकर बांध दी। इसके लिए इन्होंने गांव के 33 केवीजीएसएस पर कार्यरत कर्मचारियों व दूसरे अधिकारियों को शिकायतें की लेकिन स्थिति जस की तस है।

ग्रामीण गोरधन सिंह राजपुरोहित ने बताया कि केबले खींची उसी समय ग्रामीणों ने विरोध भी किया लेकिन उन्होंने एक दो महिने में पोल लगाने की बात कही लेकिन कनेक्शन किए हुए काफी समय बीत गया। कोई सुनवाई नहीं हो रही।

केस नम्बर-2


क्षेत्र के बरसिगों का बास के ओसियां-जोधपुर रोड पर राजपूतों की ढाणियों के आगे विभाग की ओर से एक दशक से अधिक समय पूर्व घरेलू कनेक्शन के दौरान पोल लगवाते समय एक दो पोल कम लम्बाई के होने के कारण पोल के ऊपर लकडिय़ां बांधकर उस पर केबलें खींच दी। पोल लगवाने के लिए ग्रामीणों ने कई बार जनसुनवाई व विभागीय अधिकारियों से शिकायतें की लेकिन कार्रवाई नहीं होने से उपभोक्ताओं में रोष है।

केस नम्बर-3


भींयासर ग्राम पंचायत के पूनियां की ढाणियों में घरेलू कनेक्शन के लिए दो साल से अधिक समय पूर्व विभाग की ओर घरेलू लाइन के लिए केबल बिछाने के दौरान ठेकेदार कार्मिकों ने पोल कम लगाने की नियत से पोल की जगह पेड़ पर केबल बांध दी। इसके लिए ग्रामीणों ने कई बार शिकायतें की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई ।

इन्होंने कहा


चैनपुरा में उपभोक्ता के घरेलू कनेक्शन के दौरान केबल पोल की जगह पेड़ पर बंधे हुए कि शिकायत मेरे आने के बाद किसी ने नहीं की। यदि कोई केबल लगवानी है तो उसकी लगा देंगे।
-कमल सिंह मीणा, सहायक अभियन्ता, डिस्कॉम लोहावट।

हमारी ढाणियों में घरेलू कनेक्शन के दौरान ठेका कार्मिकों ने पोल कम लगाने की नियत से केबल को पेड़ों पर बांध दिया जो बारिश में खतरनाक बन सकती है।
- हड़मान पूनिया, समाज सेवी भींयासर।

हमारी ढाणी के आगे से घरेलू कनेक्शन के लिए गुजर रही लाइन में कई जगह पोल बचाने की नियत से पेड़ पर तार बांध दी। कई बार विभाग से शिकायतें की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से परेशान है।

-गोरधन सिंह, घरेलू बिजली उपभोक्ता चैनपुरा।

Published on:
10 Dec 2019 12:41 pm