
जोधपुर.
राइकाबाग स्थित नगर निगम (दक्षिण) के वार्ड 72 में बरसाती नाले से अतिक्रमण हटाने को लेकर उपजे विवाद में पार्षद से मारपीट की गई। जिससे वो घायल हो गए। उदयमंदिर थाने में महिला पटवारी व उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया।
पुलिस के अनुसार पार्षद प्रभुसिंह राठौड़ की शिकायत पर महिला पटवारी और उसके खिलाफ मारपीट करने का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि पार्षद सुबह पौने दस बजे राइकाबाग चौराहे पर खड़े थे। तब बरसाती नाले से अतिक्रमण हटाने को लेकर निगम के वार्ड प्रभारी व अन्य लोग वहां आए। पार्षद अतिक्रमण हटाने चाह रहे थे। इतने में महिला पटवारी व उसके पति वहां आए और विरोध करने लगे। आरोप है कि उन्होंने किसी नुकीली वस्तु से पार्षद के चेहरे पर वार कर दिया। जिससे खून बहने लगा। पार्षद का स्थानीय अस्पताल में उपचार कराया गया। पुलिस भी घटनास्थल पहुंची। फिर पार्षद थाने पहुंचे और मामला दर्ज कराया। मारपीट व अतिक्रमण न हटाने को लेकर पार्षद व क्षेत्रवासियों ने विरोध भी जताया।