
दिलावरसिंह राठौड़/बेलवा/जोधपुर. केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का शनिवार को जैसलमेर से जोधपुर तक जोरदार स्वागत किया गया। शेरगढ विधानसभा के इन्दावटी क्षेत्र में छीतर पहाड़ियों में 30 करोड़ की लागत से गोतावर बांध व जोधपुर शहर में सुगम यातायात के लिए 1500 करोड़ की लागत वाली एलिवेटेड रोड़ की सौगात देने के बाद पहलीबार जोधपुर जाते वक्त बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके स्वागत को उमड़ पड़े। शेखावत के स्वागत को यादगार बनाने के लिए जैसलमेर से जोधपुर राजमार्ग 125 पर मंडला, देचू, सेतरावा, जवाहरनगर, बालेसर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिरोपाव पहनाकर पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया।
30 करोड़ की लागत से बनेगा बांध
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत ने जैसलमेर से लौटते वक्त आयोजित स्वागत सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि शेरगढ़ के लोगों के प्यार व प्रेरणा से ही शेरगढ़ के गोतावर बांध का सपना साकार हो पाया है। शेखावत ने कहा 2014 में पहलीबार गोतावरराय माता के दर्शन कर गोतावर बांध के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा था, लेकिन राज्य की सरकार ने वापिस लौटा दिया था। 2019 में जल शक्ति मंत्रालय के इंजीनियरों द्वारा स्टडी करवाई गई, अब 12000 एकड़ कटोरेनुमा पहाड़ी क्षेत्र में इन्दावटी का गोतावर बांध बनेगा। जंवाई बांध की तर्ज पर बनने वाले 60 फ़ीट ऊंचे इस बांध से भूगर्भ जल का रिचार्ज होने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुगम हो सकेगी। वहीं शेरगढ के सैंकड़ों गाँवों का भु जलस्तर भी बढ़ेगा। इस बांध से किसी गांव ढाणी को कोई नुकसान नही होगा। उन्होंने कहा तिंवरी क्षेत्र के इंद्रोका नारवा गांव में भी एक किलोमीटर लंबा व 15 फ़ीट ऊंचा बांध बनाने प्रस्ताव लिया है। मंत्री शेखावत ने बताया कि जल शक्ति मंत्रालय द्वारा जोधपुर में भूगर्भ जलस्तर का आंकलन करने के साथ ही 100 करोड़ लागत से योजनाओं को शुरू किया जाएगा, जिस पर कार्य चल रहा है। उल्लेखनीय है कि गोतावर बांध प्रोजेक्ट के लिए गोतावर विकास कमेटी इन्दावटी के विगत दशकों से चल रहे प्रयासों को राजस्थान पत्रिका ने सामाजिक सरोकार में अभियान के रूप में खबरों को सिलसिलेवार प्रकाशित किया था।