
जोधपुर. उदयमंदिर थाने से साठ मीटर दूर मकान के बाहर से सात वर्षीय बालक का अपहरण कर आठ लाख रुपए की फिरौती मांगने वाले तीनों आरोपियों को पुलिस ने रिमाण्ड पर लिया है। पुलिस को अंदेशा है कि फिरौती राशि न मिलने और समय पर पकड़ में न आने पर आरोपी मासूम बालक को बेच भी सकते थे।
थानाधिकारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि प्रकरण में गिरफ्तार मास्टरमाइण्ड मूलत: बिहार के किशनगंज हाल बीजेएस नट बस्ती निवासी मुजाहिद, मूलत: पश्चिम बंगाल में दिनाजपुर हाल बीजेएस नट बस्ती निवासी एहसान पुत्र मेहरदीन व मूलत: बिहार हाल दिल्ली निवासी रहीम उर्फ टाइगर पुत्र अब्दुल खालिद को कोर्ट में पेश कर रिमाण्ड लिया गया है। आरोपियों ने शुक्रवार को दुबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस की जांच मुख्य रोड पर, आरोपी गलियों से पार
गत एक अक्टूबर की दोपहर अपहरण के बाद एहसान ने बच्चे को बीजेएस नट बस्ती के मकान में छुपा दिया था। मुजाहिद जयपुर होकर दिल्ली चला गया था, जहां उसने फिरौती राशि लेने की योजना बनाई थी। इसके लिए उसने रहीम को तैयार किया था, लेकिन पुलिस की योजनाबद्ध तरीके से की गई कार्रवाई में न सिर्फ तीनों आरोपी पकड़ में आ गए थे, बल्कि बालक को भी सकुशल मुक्त करा लिया गया था। घर के पास से अपहरण करके व बालक को उम्मेद उद्यान के पीछे वाली रोड से लेकर निकले थे। उम्मेद उद्यान में घुसने के बाद हाइकोर्ट के मुख्य गेट के पास से बाहर निकले थे। जबकि पुलिस उदयमंदिर थाने के पास मुख्य रोड पर सीसीटीवी कैमरे खंगालती रही थी।