जोधपुर

40 गांवों पर मंडराया अकाल का साया

भोपालगढ़. उपखण्ड क्षेत्र के करीब 40 से अधिक गांवो में इस बार पर्याप्त बारिश के अभाव में सावणी फसलों के नहीं पनपने एवं इस कारण क्षेत्र के इन गांवों में उपजे अनाज व चारे के भीषण अकाल के हालात को लेकर राजस्थान पत्रिका में समाचार प्रकाशित होने के बाद स्थानीय उपखण्ड प्रशासन ने भी किसानों की सुध लेनी शुरु की है।
2 min read
Sep 01, 2018
Drought in 40 Villages of Bhopalgarh
40 गांवों पर मंडराया अकाल का साया

भोपालगढ़. उपखण्ड क्षेत्र के करीब 40 से अधिक गांवो में इस बार पर्याप्त बारिश के अभाव में सावणी फसलों के नहीं पनपने एवं इस कारण क्षेत्र के इन गांवों में उपजे अनाज व चारे के भीषण अकाल के हालात को लेकर राजस्थान पत्रिका में समाचार प्रकाशित होने के बाद स्थानीय उपखण्ड प्रशासन ने भी किसानों की सुध लेनी शुरु की है। वहीं खुद क्षेत्रीय उपजिला कलक्टर रामानंद शर्मा ने क्षेत्र के कई गांवों का दौरा करते हुए खेतों में पहुंचकर बारिश के अभाव में जलकर नष्ट हुई सावणी फसलों का अवलोकन किया और किसानों का दर्द भी सुनते हुए उनकी पीड़ा को जिला कलक्टर समेत अन्य उच्चाधिकारियों एवं राज्य सरकार तक पहुंचाने का भरोसा भी दिया।
गौरतलब है कि राजस्थान पत्रिका ने 30 अगस्त के अंक में ‘40 गांवों पर मंडराया अकाल का साया’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। जिसमें बताया गया कि इस बार भोपालगढ़ कस्बे सहित क्षेत्र के आसपास के करीब चालीस से अधिक गांवों में इस बार सावणी फसलों की बुवाई के बाद वापिस बारिश नहीं होने से खेतों में उगी सावणी फसलें अब पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गई और पूरे खेत के खेत खाली हो गए हैं। ऐसे में इन गांवों में अब अकाल पडऩा भी सौ फीसदी तय हो गया है।

उपखण्ड अधिकारी ने ली सुध

इस समाचार के प्रकाशन को क्षेत्रीय उपखण्ड अधिकारी रामानंद शर्मा ने गंभीरता से लिया और क्षेत्र में सावणी फसलों के हालात का जायजा लेने के लिए खुद शर्मा शुक्रवार को दोपहर बाद क्षेत्र के दौरे पर निकल पड़े। उन्होंने भोपालगढ़ कस्बे के आसपास के इलाकों के साथ ही क्षेत्र के सुरपुरा खुर्द, हिंगोली, पालड़ी राणावतां समेत आसपास के कई गांवों का दौरा किया। खेतों में मौजूद किसानों से भी मुलाकात की।

रिपोर्ट भेजी जाएगी-

क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बारिश की कमी के चलते इस बार वाकई गांवों में हालात खराब हैं और सावणी फसलें भी जलकर लगभग नष्ट हो गई हैं। पत्रिका में समाचार आने के बाद मैंने कई गांवों में खेतों में जाकर हालात देखे हैं और किसानों से भी जानकारी ली है। इस संबंध में शीघ्र ही मैं अपने स्तर पर रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों व सरकार को भेजूंगा। साथ ही मवेशियों के लिए चारे की व्यवस्था को लेकर भी सरकार को अवगत कराया जाएगा।

- रामानंद शर्मा, उपजिला कलक्टर, भोपालगढ़

Published on:
01 Sept 2018 10:06 pm