
जोधपुर. मारवाड़ में तापमान चालीस डिग्री के आसपास होने के बावजूद वातावरण में आद्र्रता कम होने से गुरुवार को तेज गर्मी का मौसम रहा। दोपहर में हवा में नमी का स्तर 10 प्रतिशत तक पहुंच गया, जिसके कारण रुक-रुक कर चल रही हवा से गर्म थपेड़े महसूस हो रहे थे। मौसम विभाग के अनुसार दो दिन बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी।
सूर्यनगरी में गुरुवार को न्यूनतम तापमान कुछ लुढकक़र 18.8 डिग्री रहा। सुबह-सुबह हवा में 39 प्रतिशत नमी और हवा बहने से सुहाना मौसम रहा लेकिन सूरज निकलने के दो घण्टे बाद ही मौसम में तपिश घुलनी शुरू हो गई। सुबह दस बजे ही तीखी धूप में निकलना मुश्किल हो रहा था। आसमां से जैसे गर्मी बरस रही थी। दोपहर में पारा 38.7 डिग्री रहा लेकिन आपेक्षिक आद्र्रता कम होने के कारण गर्मी का अनुभव अधिक हो रहा था। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम रहा। फलोदी में रात का पारा 25.6 व दिन का 40.8 डिग्री रहा।
जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 21 और अधिकतम 38.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 22.4 और अधिकतम 41.5 डिग्री मापा गया।