जोधपुर

रात को चली धूल भरी हवा, कई जगह बूंदाबांदी

- पश्चिमी विक्षोभ का असर
less than 1 minute read
May 23, 2021
रात को चली धूल भरी हवा, कई जगह बूंदाबांदी
रात को चली धूल भरी हवा, कई जगह बूंदाबांदी

जोधपुर. पश्चिमी विक्षोभ के असर से शनिवार रात को मौसम ने यकायक पलटा खाया। तेज धूल भरी हवा के साथ बादलों की आवाजाही हुई। बिजली की चकाचौंक व गर्जना के बीच कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई। उधर बीती रात भी कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में आंधी और बूंदाबांदी से जनजीवन प्रभावित रहा। बाप क्षेत्र के देदासरी में आंधी से कई विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर गिर गए, जिससे कुछ गांव अंधेरे में डूब गए। देचू में तेज बरसात हुई। देणोक और पुंदलु और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेज हवा के साथ मेघ बरसे। जोधपुर शहर में केवल बादलों की आवाजाही बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी विक्षोभ का हल्का असर बना रहेगा।

सूर्यनगरी में शनिवार को न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह से ही गर्मी के कारण शहर वासी परेशान होना शुरू हो गए। दिन चढऩे के साथ तीखी चटक धूप ने लोगों को हलकान कर दिया। दोपहर होते-होते तापमान 39.1 डिग्री तक पहुंचा। दिन में तेज गर्मी रही। रात ९.३० बजे से अचानक से मौसम बदला और तेज हवा शुरू हो गई। आसमां में धूल छा गई। बादलों की घनी आवाजाही हुई। कुछ स्थानों पर छींटे गिरे। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी आसमां से गर्मी बरसी। फलौदी में न्यूनतम तापमान 27.2 और अधिकतम 39.6 डिग्री रहा।
जैसलमेर और बाड़मेर में रात का तापमान क्रमश 27.7 व 27.2 और दिन का 40.2 और 39.6 डिग्री मापा गया।

Published on:
23 May 2021 12:06 pm