
जोधपुर।
भारतीय किसान संघ जोधपुर प्रांत की प्रदेश महामंत्री कैलाश गंदोलिया के मार्गदर्शन व प्रांत अध्यक्ष दलाराम बटेसर की अध्यक्षता में रविवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन कार्यकर्ताओं के संकल्प के आधार पर प्रांत के सभी जिलों की प्रत्येक ग्राम पंचायत में सक्रिय ग्राम इकाइयों का गठन करने के लिए रूपरेखा तय की गई।
प्रांत प्रचार प्रमुख तुलछाराम सिंवर ने बताया कि संगठन की ओर से 30 अप्रेल तक सदस्यता कार्यक्रम के साथ ही ग्राम इकाइयों का गठन होगा। प्रान्त अध्यक्ष दलाराम बटेसर ने सभी जिलों के प्रमुख कार्यकर्ताओं से ग्राम इकाइयों का गठन कर संगठन को मजबूत करने हेतु आह्वान किया। उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान के तहत जोधपुर प्रांत के 10 जिलों की सभी 3658 ग्राम पंचायतों में संघ की ग्राम इकाइयों के गठन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 30 अप्रेल तक अभियान चलेगा जिसमें पश्चिमी राजस्थान में 6 लाख किसानों को प्राथमिक सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में प्रांत के किसान पदाधिकारी, प्रतिनिधि शामिल हुए व विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की।