
जोधपुर. जोधपुर, पाली, जालौर, बाड़मेर, सिरोही सहित आसपास के हिस्सों में शुक्रवार रात 2.26 पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.6 मापी गई। भूकंप का केंद्र जालौर में भीनमाल तहसील के पास खानपुर में था। यहां 10 किलोमीटर नीचे टेक्टोनिक प्रक्रिया के कारण धरती धूजी।
एक दिन पहले ही सिरोही जिले में भूकंप आया था। सिरोही में भूकंप की तीव्रता 2.6 थी। इन दिनों सावों का मौसम होने के कारण कई लोग देर रात तक जाग रहे थे। ऐसे में जोधपुर शहर में लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। सुबह होने पर लोगों ने एक दूसरे के साथ धरती हिलने का अनुभव शेयर किया। सामान्यत: जोधपुर और आसपास का क्षेत्र भूकंप के लिहाज से सुरक्षित क्षेत्र में आता है। थार के पास कच्छ का क्षेत्र ही भूकंप के लिहाज से अति संवेदनशील माना जाता है।
इसलिए आते हैं भूकम्प
पृथ्वी के भीतर 7 प्लेट्स है जो मूवमेंट करती रहती है। प्लेट्स के किनारे को फाल्ट जोन कहते हैं। प्लेट्स के मूवमेंट यानी एक दूसरे से टकराने के कारण यहां से ऊर्जा बाहर निकलती है और धरती के हिलने का अहसास होता है।