
जोधपुर. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी सोमवार को जोधपुर आएंगे। वे जोधपुर में कांग्रेस की चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी दोपहर 4.30 बजे जोधपुर के राजकीय उम्मेद स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के संगठन महासचिव अशोक गहलोत भी राष्ट्रीय संबोधन देंगे। राहुल गांधी के जोधपुर दौरे की तैयारियों को लेकर जोधपुर में पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कांग्रेस के पदाधिकारियों व वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की मीटिंग ली। पुलिस ने उनके जोधपुर दौरे से पूर्व एयरपोर्ट से उम्मेद राजकीय स्टेडियम तक एसपीजी के साथ रिहर्सल की। जनसभा स्थल उम्मेद स्टेडियम में पूरे दिन राहुल के दौरे को लेकर विभिन्न तैयारियां चलती रहीं। कांग्रेस आलाकमान राहुल गांधी दस साल पहले मेहरानगढ़ दुखांतिका के समय और पांच वर्ष पहले चुनावी सभा के लिए जोधपुर आए थे। उन्होंने 25 नवंबर 2013 को जोधपुर के पुराने स्टेडियम में कांग्रेस की चुनावी सभा संबोधित की थी। उनके दौरे लिए एसपीजी ने कई दिन पहले जोधपुर में डेरा डाल लिया था। यहां तक कि सुरक्षा के मद्देनजर मंच में भी बदलाव किया था। इससे पहले वे मेहरानगढ़ दुखांतिका के समय जोधपुर आए थे।