
जोधपुर।
जोधपुर विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को केरू गांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 40 करोड़ की की 120 बीघा सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त किया। खसरा संख्या 1256 में अवैध रूप से बने मकानों को ध्वस्त किया गया। साथ ही नान्दड़ी में अवैध कॉलोनी तथा नांदड़ी फांटा रोड व शिकारगढ़ रोड पर अवैध अतिक्रमणों के विरूद्ध भी कार्रवाई की गई।
उपायुक्त पश्चिम नीरज मिश्र तथा मुख्य प्रवर्तन नियंत्रक व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली खान के निर्देशन में प्राधिकरण दस्ते ने यह कार्रवाई की। 120 बीघा जमीन पर कच्चे-पक्के ढालिये, फाचरों की दीवार, झाडिय़ों व फाचरों से निर्मित बाड़े सहित अवैध निर्माणाधीन किए हुए थे। प्राधिकरण की ओर से राजकीय भूमि को अपने स्वामित्व की बताकर धोखाधड़ी से बेचान करने पर स्थानीय पुलिस थाने में एफआइआर भी दर्ज करवाई जाएगी।
उपायुक्त पूर्व अनिल कुमार पूनिया के निर्देशानुसार दस्ते द्वारा ग्राम नान्दड़ी खसरा संख्या 156 का मौका निरीक्षण किया। यहां बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के अवैध कॉलोनी काटी हुई पाई गई। 30 फीट लम्बी व 5 फीट ऊंची दीवार का निर्माण कर सडक़ मार्ग अवरूद्ध किया हुआ पाया गया। इस दौरान तहसीलदार पश्चिम मोहित आशिया, प्रवर्तन अधिकारी अमरसिंह रतनू, प्रवर्तन निरीक्षक संतोष पंवार, अनिल शर्मा, करनाराम जाट, पटवारी पश्चिम अमृतलाल गुजर, नरेन्द्र सिंह, कनिष्ठ अभियन्ता पश्चिम महेश कुमार, राजीव गांधी पुलिस थाना जाब्ता मौजूद रहा।