जोधपुर

WEBINAR–उद्यमियों ने कहा, जल्द दुरुस्त हो औद्योगिक समस्याएं

- औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों ने वेबीनार के माध्यम से रखी बात- पत्रिका अभियान- सुधरे औद्योगिक क्षेत्र
2 min read
Nov 08, 2020
WEBINAR--उद्यमियों ने कहा, जल्द दुरुस्त हो औद्योगिक समस्याएं
WEBINAR--उद्यमियों ने कहा, जल्द दुरुस्त हो औद्योगिक समस्याएं

जोधपुर।
शहर के आर्थिक विकास की धुरी कहे जाने वाले उद्योग दुर्दशा के शिकार है। औद्योगिक क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को लेकर अव्यवस्थाओं का आलम है। परेशान उद्यमी अपना आधा समय औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर सरकारी विभागों में चक्कर लगाने में गंवा रहे है, फिर भी त्वरित कार्य नहीं हो रहा है। औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर रविवार को प्रमुख उद्योगों के उद्यमियों ने वेबीनार के माध्यम से अपने विचार रख रीको व संबंधित सरकारी एजेन्सियों के बारे में विचार प्रकट किए किए, कि औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं को जल्द समाधान हो ताकि औद्योगिक गतिविधियां रफ्तार पकड़ सके।

औद्योगिक क्षेत्र का वातावरण स्वच्छ, हरा-भरा हो, अच्छी सड़कें, निर्बाध विद्युत, पर्याप्त जल आपूर्ति हो। दुर्भाग्य से कुछ भी नहीं किया गया है। सड़कों की स्थिति, स्वच्छता आदि दयनीय है। अतिक्रमण भी अन्य बड़ी समस्या है। रीको से बैठकें कर औद्योगिक क्षेत्रों के हाल सुधारने के लिए प्रयास कर रहे है।
एनके जैन, अध्यक्ष
जोधपुर इंडस्ट्रीज एसोसिएशन
----
औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर अच्छी क्वालिटी का मिले तो उद्यमशीलता से जोधपुर के उद्यमी प्रदेश व देश को आत्मनिर्भर बनाने का पूरी शक्ति से प्रयास करेंगे। साथ ही, मूलभूत सुविधाओं के लिए रीको व संबंधित सरकारी एजेन्सियों को खानापूर्ति छोड़ गंभीरता से कार्य करना चाहिए।
जीके गर्ग, मैनेजिंग ट्रस्टी
जोधपुर प्रदूषण निवारण ट्रस्ट
------
औद्योगिक क्षेत्रों के हाल अच्छे नहीं है। एमआइए ने रीको के साथ बैठक कर औद्योगिक क्षेत्रों में स्वच्छता के लिए चर्चा की थी। जिसमें बासनी फेज-2 की गली 1 से 6 तक गली का कचरा इक_ा करने व सफाई करने का निर्णय लिया गया। रीको की ओर से वन टाइम क्लीनिंग, नालों-गड्ढों की सफाई आदि की जाए, तो काफी समस्या हल हो जाएगी।
भंवरलाल चौपड़ा, अध्यक्ष
मरुधरा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन
--
औद्योगिक क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की अच्छी स्थिति नहीं है। औद्योगिक संगठनों के माध्यम से रीको व सरकार तक समस्या पहुंचाते है, लेकिन त्वरित कार्य नहीं हो रहा है। फैक्ट्रियों में नियमित सफाई, नालों की सफाई, रोड लाइटें, सड़कों की मरम्मत आदि को लेकर रीको को गंभीर होकर उद्यमियों को समस्याओं से राहत दिलानी चाहिए।
मनोहरलाल खत्री, टेक्सटाइल उद्यमी व कोषाध्यक्ष
जोधपुर प्रदूषण निवारण ट्रस्ट
---

एमआइए औद्योगिक क्षेत्रों को मॉडल औद्योगिक क्षेत्र में बदलने के लिए प्रयासरत है, लेकिन साथ में रीको व उद्यमियों का सहयोग अपेक्षित है। इसके लिए रीको से संवाद भी कर रहे है। रीको से बैठक कर औद्योगिक क्षेत्रों में रोड पेचिंग, रोडलाइट रिपेयरिंग कार्य के लिए भी प्रयास कर रहे है। रीको को त्वरित कार्य करना चाहिए।
निलेश संचेती, सचिव
मरुधरा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन
--
औद्योगिक क्षेत्र स्वच्छ रहेंंगे तो इसका उत्पादकता पर सकारातम्क प्रभाव पडेगा। रीको से आह्वान है कि नियमित रूप से औद्योगिक क्षेत्रों की सफाई हो, रीको वन टाइम क्लीनिंग का बीडा उठाए ताकि औद्योगिक क्षेत्रों को साफ सुधरा रखा जा सके। हरियाली को बढ़ावा देने के लिए पार्क डवलप करने चाहिए, इस कार्य में उद्यमियों का पूरा सहयोग रहेगा।
अशोक तातेड़, अध्यक्ष
राजस्थान ग्वार दाल मैन्यूफैक्चर्स एसोसिएशन
===

Published on:
08 Nov 2020 08:14 pm