
भोपालगढ़. बावड़ी कस्बे के एक रहवासी मकान में गत ५ नवम्बर को हुई लाखों के सोने-चांदी के गहनों एवं नकदी की चोरी की वारदात का खेड़ापा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।
गौरतलब है कि गत ५ नवम्बर को मूल रुप से क्षेत्र के निकटवर्ती अणवाणा निवासी एवं हाल मुकाम बावड़ी कस्बे में रहने वाले प्रभुराम पुत्र कुम्भाराम जाट के रहवासी मकान में अज्ञात लोगों ने रात के अंधेरे में करीब दो बजे घर में घुसकर पेटी में रखे लाखों रुपए मूल्य के करीब २८ तोला सोने के गहनों एवं नकदी चुराकर ले जाने की वारदात को अंजाम दे दिया था। जिस पर पिडि़त की ओर से इस संबंध में खेड़ापा पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज करवाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राहुल बारहठ ने वारदात को गंभीरता से लेते हुए इस वारदात का शीघ्र खुलासा करने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फलोदी लक्ष्मीनारायण शर्मा एवं वृत्ताधिकारी ओसियां दिनेशकुमार मीणा की देखरेख में खेड़ापा थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर केसाराम बांता की अगुवाई में विशेष टीम का गठन कर वारदात का खुलासा करने की जिम्मेदारी सौंपी। जिस पर खेड़ापा पुलिस थाने की टीम ने पूरी तत्परता से काम करते हुए वारदात स्थल का दौरा किया और मौका मुआयना कर इस वारदात के संबंध में कड़ी से कड़ी जोडऩे की कवायद शुरु की। इस दौरान टीम ने गहन अनुसंधान करते हुए लोगों के घरों में जाकर फ्रीज व एसी आदि की मरम्मत करने का काम करने वाले रुपावतों की ढाणी नेतड़ा निवासी शातिर आरोपी २७ वर्षीय युवक ईश्वरसिंह पुत्र मनोहरसिंह राजपूत को दस्तयाब किया और खेड़ापा पुलिस थाने में लाकर उससे कड़ी पूछताछ शुरु की। जिस पर आरोपी ने बावड़ी कस्बे के रहवासी मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिए जाने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जिसे गुरुवार को न्यायालय में पेश कर चोरी किए गए गहनों व नकदी आदि की बरामदगी के लिए पुलिस रिमाण्ड पर लिया जाएगा। (निसं)
मरम्मत के नाम पर रैकी
खेड़ापा थाना प्रभारी केसाराम बांता ने बताया कि बावड़ी कस्बे के निवासी प्रभुराम जाट के रहवासी मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी ईश्वरसिंह राजपूत बेहद शातिर किस्म का आरोपी है और वह फ्रीज एवं एसी जैसे इलेक्ट्रोनिक उपकरणों को खराब होने पर मरम्त करने का काम करता है। ऐसे में किसी व्यक्ति द्वारा घर में खराब हुए फ्रीज-एसी को ठीक करने के लिए उसे बुलाए जाने पर वह इन उपकरणों की मरम्मत के बहाने पूरे घर की रैकी कर लेता है और सोने-चांदी के गहने व नकदी आदि रखने के स्थानों के बारे में भी जानकारी जुटा लेता है। जिसके बाद मौका मिलने पर आरोपी ईश्वरसिंह उस व्यक्ति के घर में घुसकर चोरी की वारदात को बड़ी आसानी से अंजाम दे देता है। ऐसे ही बावड़ी के प्रभुराम जाट के घर से भी उसने इसी तरह से ही वारदात को अंजाम दिया था।