जोधपुर

कांग्रेस के दावेदारों के पास आ रहे ऐसे के कॉल, नाम फाइनल, जल्द दिल्ली पहुंचें!

'एआइसीसी स्क्रूटनिंग कमेटी से बोल रहा हूं, आपका नाम फाइनल हुआ है। आप कल सुबह ही दिल्ली पहुंच जाना।'
less than 1 minute read
Oct 22, 2018
congress

जोधपुर। 'एआइसीसी स्क्रूटनिंग कमेटी से बोल रहा हूं, आपका नाम फाइनल हुआ है। आप कल सुबह ही दिल्ली पहुंच जाना।' इस प्रकार के फोन पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस के दावेदारों के पास आ रहे हैं। कॉल करने वाला लगातार इन दावेदारों से सम्पर्क में रहता है और पूछता है कि 'अभी तक निकले या नहीं'।

चुनावी सीजन में नेताओं को ठगने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है। राजनीतिक पार्टियों से दावेदारी करने वाले लोगों को अब तक बडे़ नेताओं से मिलवाने के झांसे तो हमने सुने थे, लेकिन अब पिछले कुछ दिनों से दावेदारों को फोन कर कुछ लोग सीधे दिल्ली पहुंचने की बात कर रहे हैं।

एक व्यक्ति से तो साथ में पार्टी फंड के लिए राशि लाने की बात भी कही है। इन दावेदारों को इस बात पर विश्वास नहीं हुआ तो इन लोगों ने जिला कांग्रेस कमेटी से लेकर एआइसीसी में अपने परिचितों को फोन किया तो पता चला कि ये फेक कॉल है।


फोन पर यह कहा दावेदारों से
प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य और दावेदारी कर रहे अनिल टाटिया ने बताया कि उनके पास फोन आया तो 12 घंटे में ही दिल्ली पहुंचने को कहा। साथ ही बताया कि पार्टी फंड के लिए राशि भी लेते आना। उसने अपने आप को स्क्रूटनिंग कमेटी का सदस्य बताया। सर्राफा बाजार ब्लॉक अध्यक्ष और दावेदारी कर रहे लियाकत अली के पास शनिवार रात से लेकर रविवार सुबह तक तीन बार फोन आए। नाम फाइनल होने का झांसा दिया।

इस प्रकार के कोई कॉल एआइसीसी से नहीं आते हैं। यह ठगी करने के तरीके हैं। दावेदारों को इससे बचना चाहिए।
सईद अंसारी, जिलाध्यक्ष, शहर कांग्रेस कमेटी जोधपुर।

Published on:
22 Oct 2018 07:30 am