
बिलाड़ा (जोधपुर). राजस्थान पत्रिका और फेसबुक की साझा मेजबानी में चलाए जा रहे ‘शुद्ध का युद्ध’ अभियान के तहत सोमवार को फेक न्यूज पर जागरूकता और वोट संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए गए।
उपस्थित जनों को शुद्ध का युद्ध अभियान के तहत फेक न्यूज़ की पहचान करने भ्रम फैलाने वाली खबरों से बचने तथा ऐसी खबरों को आगे बढ़ाने से रोकने के तरीके बताए गए। कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों के सवाल आए उनको जवाब भी दिए गए, साथ ही उपस्थित जनों ने संकल्प लिया कि अब जब उनके पास कोई भ्रामक जानकारी आएगी तो उसकी पड़ताल के बिना आगे नहीं बढ़ाएंगे, और सोशल मीडिया पर भी सुरक्षित तरीकों का उपयोग करेंगे।
प्रबुद्धजन ने अभियान को सार्थक बताते हुए कहा कि आज के समय सोशल साइट्स पर भ्रामक खबरों व संदेशों से समाज व लोकतंत्र को बड़ा नुकसान हो रहा है। सभी ने संकल्प किया कि ऐसे संदेशों की पड़ताल किए बिना आगे नहीं बढ़ाएंगे।
मदन भाई धोबी ने कहा कि सोशल मीडिया भ्रम फैलाने वाले संदेशों व गलत खबरों को रोकने के लिए युवाओं को जगाना होगा। अध्यात्म क्षेत्र से जुड़े कानाराम पटेल ने कहा आजकल पारिवारिक कार्यक्रमों व व्यक्तिगत समय के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की परंपरा चल पड़ी है ,जो उचित नहीं है।
जगदीश गौड ने कहा लोगों को भी ध्यान रखना होगा कि वे अपने पारिवारिक फोटो-वीडियो फेसबुक या व्हाट्सएप पर शेयर न करें। राजेश वैष्णव ने कहा कि व्यक्तिगत जानकारी शेयर करने से पहले गंभीरता से विचार करना चाहिए। अशोक पटेल ने कहा बार बार अपनी जुबान से बदल जाने वाले नेताओं के बयानों को तवज्जो नहीं देनी चाहिए। श्रवण पटेल, दिनेश राजपुरोहित, यूनुस पठान, हिसामुद्दीन पठान व मेहरून्निसा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।