जोधपुर

जोधपुर: एईएन के तबादले पर किसानों ने किया ऐसा हाईवोल्टेज ड्रामा कि डिस्कॉम को आ गई छींकें, करना पड़ा आदेश निरस्त

एईएन का तबादला, किसानों ने नये एईएन को जॉइन नहीं करने दिया, तबादला निरस्त  
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2017, 1:13 PM IST
farmers made AEN transfer cancelled in Tinwari village of Jodhpur
farmers made AEN transfer cancelled in Tinwari village of Jodhpur

तिंवरी. जोधपुर डिस्कॉम के तिंवरी कस्बे में कार्यरत सहायक अभियंता के तबादले का नाटकीय घटनाक्रम हो गया। यहां के एईएन का मंगलवार रात को तबादला कर दिया गया। बुधवार दिन में नये एईएन जॉइन करने के लिए आए तो किसानों ने उन्हें कार्यालय में जाने से रोक दिया। किसानों ने कार्यालय का घेराव कर हंगामा किया। बाद में किसानों के विरोध के बाद उच्चाधिकारियों ने नये भेजे गए सहायक अभियंता को वापस बुला लिया और पुराने अभियंता का तबादला निरस्त किया। तबादले के पीछे यह कारण माना जा रहा है कि डिस्कॉम एमडी को तिंवरी एईएन छीजत के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए थे। हालांकि इसकी कोई पुष्टि नहीं कर रहा है।

डिस्कॉम सूत्रों के अनुसार तिंवरी के सहायक अभियंता धनराज लटियाल का तबादला कर के उनकी जगह महेश डिडवानिया को लगा दिया गया। डिडवानिया बुधवार को जब पदभार ग्रहण करने के लिए आए तो उनके आने से पहले ही किसान सहायक अभियंता कार्यालय के आगे एकत्र हो गए और उन्हें कार्यालय में जाने से रोक दिया। किसानों ने आरोप लगाया कि उन्हें तबादले पर ऐतराज नहीं है, लेकिन तबादला करने के कारण पर ऐतराज है। किसानों के विरोध के बाद मथानिया के अधिशासी अभियंता रतनाराम चौधरी मौके पर पहुंचे। इसके बाद लटियाल का तबादला निरस्त कर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि डिस्कॉम तिंवरी की मासिक बैठक में मंगलवार को सहायक अभियंता लटियाल को उनके कार्यक्षेत्र में लगातार बढ़ रही बिजली छीजत रोकने के मामले में अधिकारियों ने सवाल उठाए, जिसका वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए थे। किसानों के हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद डिस्कॉम को इस कदर छींकें आ गईं कि उन्हें अभियंता के ट्रांसफर का आदेश निरस्त करना पड़ा और एईएन को फिर से बुलाना पड़ा।

'प्रशासनिक कारणों से किया था तबादला, अब निरस्त कर दिया'

उच्चाधिकारियों ने प्रशासनिक कारणों के चलते एईएन तिंवरी लटियाल का तबादला किया था, बाद में इसे निरस्त कर दिया गया। -एमएल मेघवाल, एसई, जोधपुर जिला वृत्त, जोधपुर डिस्कॉम, जोधपुर

Published on: