
किसानों ने रसायन का प्रयोग रोकने व जैविक खेती का लिया संकल्प
- नववर्ष पर मिट्टी सुपोषण अभियान के तहत मिट्टी पूजन व मिट्टी सुपोषण संकल्प कार्यक्रम
जोधपुर।
भारतीय नववर्ष के अवसर पर मिट्टी सुपोषण अभियान के तहत मंगलवार को किसानों ने मिट्टी पूजन करके मिट्टी सुपोषण का संकल्प लिया। रामनगर, भेंसेर खुतड़ी, बड़ा कोटेचा, तिंवरी सहित विभिन्न स्थानों पर किसान अपने खेत की मिट्टी एकत्रित करके लाए व उसका विधिविधान व मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया। विभिन्न खेतों से लाई गई मिट्टी के पूजन के बाद मिट्टी को सुपोषित करने की प्रतिज्ञा ली गई। जिसमें जमीन में रसायन का प्रयोग कम करने, प्लास्टिक का उपयोग न करने, जल का अपव्यय रोकने तथा संरक्षण करने का संकल्प लिया।
इस दौरान भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय जैविक प्रमुख रतनलाल डागा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मानकराम परिहार, प्रान्त प्रचार प्रमुख तुलछाराम सिंवर, जिला उपाध्यक्ष गोरधनराम सियाग ने किसानो को जैविक खेती के बारे में जानकारी दी। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।