
जोधपुर. लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बाद विश्वविद्यालय के लोकतंत्र में भी नारी शक्ति का परचम लहरा उठा है। जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के कमला नेहरु कॉलेज में 5 साल बाद छात्रा मतदाताओं की संख्या दुगुनी हो गई है। वर्ष 2014 में जहां 25.67 प्रतिशत छात्राओं ने मतदान किया था वहीं मंगलवार को यह 51.93 प्रतिशत पहुंच गया। कॉलेज में इस साल 4560 छात्राएं वोटर थी, जिसमें से 2368 छात्राएं वोट देने पहुंची। विवि में सर्वाधिक वोट केएन कॉलेज से ही आए।
गत सालों से विवि में पुलिस की सख्त व्यवस्था और शांतिपूर्ण मतदान होने के कारण अब अभिभावक भी छात्राओं को वोट देने के लिए कॉलेज भेज रहे हैं। छात्राएं भी जागरूक होकर अपने मुद्दे प्रत्याशियों के समक्ष उठा रही है और उनसे जवाब भी मांग रही है। इस साल खुद कॉलेज प्रशासन ने छात्र संसद का आयोजन कर छात्राओं को बड़ा मंच उपलब्ध कराया था। केएन कॉलेज की छात्राओं के मत इस बार निर्णायक रहेंगे।
केएन कॉलेज में यों मजबूत होता गया लोकतंत्र
वर्ष ------ वोट प्रतिशत
2014 ------ 25.67
2015 ------ 34.99
2016 ------ 41.57
2017 ------ 45.60
2018 ------ 45.75
2019 ------ 51.93