जोधपुर

जेल में भिड़े बंदी, एक घायल

- भूख हड़ताल में बुजुर्ग व बीमार बंदियों को खाना खाने से टोकने पर उपजा विवाद - जेल के अंदर से घायल का फोटो वायरल
less than 1 minute read
Apr 07, 2019
Fight between Prisioner's in jail
जेल में भिड़े बंदी, एक घायल

जोधपुर.
सेन्ट्रल जेल में भूख हड़ताल के दौरान बुजुर्ग और बीमार बंदियों को खाना खाने से टोकने पर उपजे विवाद में एक बंदी घायल हो गया। इयर फोन लगाए घायल बंदी के फोटो वायरल होने पर एक बार फिर जेल की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।

सूत्रों के अनुसार जेल में सस्ते दाम पर सामान उपलब्ध न होने सहित अन्य मांगों को लेकर शुक्रवार को बंदियों ने भूख हड़ताल कर दी थी। बुजुर्ग व बीमार बंदियों को भूख हड़ताल से अलग रखा जाता है। शुक्रवार शाम भूख हड़ताल कर रहे बंदियों के एक गुट ने बुजुर्ग व बीमार बंदियों को खाना लेने से रोका और मारपीट भी की। यह देख बंदी दिनेश गहलोत ने बीच-बचाव किया और मारपीट का विरोध करने लगा। इस पर बंदियों का गुट दिनेश पर टूट पड़ा और जमकर मारपीट की। जिससे उसके चेहरे, मुंह व आंख के पास चोट आई और खून निकलने लगा। हमले में एक दर्जन से अधिक बंदी शामिल थे। घायल बंदी ने शनिवार सुबह जेलर को मारपीट की लिखित शिकायत दी। जेल प्रशासन का कहना है कि यह शिकायत रातानाडा थाने भिजवा दी गई है। जबकि रातानाडा थाना पुलिस का कहना है कि मारपीट की कोई शिकायत नहीं मिली है।
वीडियो कॉल या फोटो भेजे?

हमले में घायल बंदी दिनेश गहलोत के फोटो शनिवार शाम वायरल हो गए। बैरिक में एक
खिडक़ी के आगे बैठे दिनेश के मुंह व चहरे पर चोट नजर आ रही है। यह फोटो शुक्रवार रात २१.४३ बजे के हैं। उसके कान में ईयर फोन लगा हुआ है। अंदेशा है कि उसने जेल के अंदर से किसी को वीडियो कॉल किया होगा।

Published on:
07 Apr 2019 01:03 am