
जोधपुर . झंवर थाना पुलिस ने दो दिन पूर्व हुई फाइनेंस कम्पनी के कर्मचारी के साथ डकैती की वारदात का सोमवार को पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने गिरोह के छह लोगों को गिरफ्तार किया। उन्होंने जिले में लूणावास खारा व झंवर गांव के बीच बाइक पर जा रहे फाइनेंस कम्पनी के कर्मचारी से मारपीट कर पैंसठ हजार रुपए, दस्तावेज का बैग व पर्स लूट लिया था। गिरोह के सदस्यों से पूछताछ जारी है।
बालेसर की तरफ भागे
झंवर थानाधिकारी जब्बर सिंह के अनुसार जयपुर में मालवीय नगर निवासी भगवान सहाय पुत्र भंवरलाल रैगर जन लक्ष्मी फाइनेंस कम्पनी में कार्य करता है। उसे हर महीने की सोलह तारीख को ऋण के वसूली के लिए कलेक्शन करना होता है। सोलह दिसम्बर को वह कलेक्शन करने के लिए मोटरसाइकिल पर लूणावास खारा गांव पहुंचा, जहां उसने ग्रामीणों से साठ हजार रुपए एकत्रित किए और बैग में रखे। जबकि पर्स में उसके खुद के पांच हजार रुपए, दो एटीएम कार्ड, पेन कार्ड, आधार कार्ड रखे हुए थे। दोपहर २.३० बजे वह लूणावास खारा से झंवर के लिए रवाना हुआ। इस दौरान पीछे से सफेद इनोवा कार में सवार छह जनों ने उसे ६५ हजार रुपए व दस्तावेज लूट लिए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया। इधर, जांच में पता चला कि गिरोह वारदात के बाद बालेसर की तरफ भागा है।
नाकाबंदी में चढ़े हत्थे
पुलिस ने डकैत गिरोह को पकडऩे के लिए जिलेभर में नाकाबंदी करवाई। इस दौरान कार को बालेसर क्षेत्र में देखा गया। पुलिस सभी को पकड़कर थाने लाई। पूछताछ के दौरान उन्होंने वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने लुणावास खारा निवासी गिरधारी पुत्र घेवरराम मेघवाल, जोलियाली निवासी अनिल पुत्र बाबूलाल मेघवाल, दूदा बेरा बालेसर निवासी मनोहर लाल उर्फ मनोज पुत्र प्रहलादराम मेघवाल, कुई इंदा बालेसर निवासी राजूराम पुत्र भंवरलाल मेघवाल, सिहांदा बालेसर निवासी दीपाराम पुत्र डुंगरराम मेघवाल व खिरजा शेरगढ़ निवासी तनसिह पुत्र रेवतसिंह राजपूत को बापर्दा गिरफ्तार किया गया। उनसे अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
नई सड़क पर व्यापारी पर हमले के दो आरोपी गिरफ्तार
सदर बाजार थाना पुलिस ने व्यापारी पर जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार किया। इस प्रकरण में दो आरोपी पूर्व में भी गिरफ्तार हो चुके हैं। सदर बाजार थाने के उप निरीक्षक भगाराम ने बताया कि गत 1 अक्टूबर को नई सड़क पर रेडिमेड कपड़ों की दुकान पर कुछ युवकों ने हमला किया था। इस प्रकरण में पूर्व में हरिजन बस्ती निवासी अक्षय उर्फ रॉकी पुत्र राजेंद्र वाल्मीकि व वसीम मदावत को गिरफ्तार किया था। रेलवे लोको क्वार्टर रातानाडा निवासी गौरव उर्फ काली पुत्र सुरेंद्र हरिजन व गऊघाटी के पीछे मंडोर निवासी गौरव पुत्र अमृत सैन फरार चल रहे थे। दोपहर में पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी सर्किट हाउस के पास चाय की केबिन पर बैठे हैं। इस पर हैड कांस्टेबल नाथूराम, कमरुद्दीन व मुकेश मीणा ने दबिश देकर गिरफ्तार किया।