
जोधपुर. दीपावली पर 48 घंटे के दौरान शहर में चार दर्जन से अधिक स्थानों पर आग लगी, लेकिन दमकलकर्मियों की मुस्तैदी के चलते समय पर काबू पा लिया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजय शर्मा के अनुसार 27 व 28 अक्टूबर को अग्नि दुर्घटनाओं से बचने के लिए छह जगह छोटी व बड़ी दमकलें तैनात की गईं थी। दमकलकर्मियों की टीम दोनों दिन व रात मुस्तैद रही। यही वजह है कि बड़ा नुकसान या जनहानि होने से बच गईं।
चार मकान व तीन दुकानों में आग
आतिशबाजी व अन्य कारणों के चलते बीजेएस कॉलोनी की गली-32 स्थित मकान में रात को लगी आग पर नागौरी गेट की दमकल ने काबू पाया। नागौरी गेट के भीतर मियों की मस्जिद के पास मकान और आइटीआइ सर्किल के पास स्थित मकान में भी शाम सात बजे आग लग गई। भदवासिया स्कूल के पास स्थित मकान में भी अग्नि दुर्घटना हुई। इसके अलावा, भदवासिया रोड पर मदेरणा कॉलोनी के पास एक दुकान में आग लग गई।
नागौरी गेट की दमकल ने आग पर काबू पाया। वहीं, सोजती गेट के भीतर पोकरण की हवेली के पास स्थित कपड़ों की दुकान में आग लग गई। रमजान मार्केट में तेलियों की मस्जिद के पास दुकान में अग्नि दुर्घटना हुई। इसके अलावा, लूनी रेलवे स्टेशन के अंदर मामूली आग लगी। वहीं, एक खेत और तीन कबाडख़ाने में आग लगी।
दो ट्रांसफार्मर जले
परिवहन कार्यालय के पास दस दुकान के सामने बिजली के एक ट्रांसफार्मर में आग लग गई। नागौर गेट स्थित अग्निशमन केन्द्र की दमकल ने आग पर काबू पाया। वहीं, बासनी थाने के पीछे स्थित बिजली का ट्रांसफार्मर जल गया।