
जोधपुर.
जिले के भोपालगढ़ थानान्तर्गत बुड़किया गांव के पास बुधवार तड़के पुलिस ने फिल्मी अंदाज में 25 किमी एसयूवी का पीछा कर 392 किलो डोडा पोस्त, एक पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस और 74 हजार रुपए जब्त कर युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पीछा छुड़ाने के लिए पुलिस पर फायरिंग की। जवाब में वृत्ताधिकारी (भोपालगढ़) धर्मेन्द्र डूकिया ने दो राउण्ड फायर कर युवक को पकड़ा।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनिल कयाल के अनुसार सर्किल गश्त के दौरान तड़के बुड़किया के पास काली एसयूवी संदिग्ध नजर आई। चालक के कार न रोकने पर वृत्ताधिकारी (भोपालगढ़) धर्मेन्द्र डूकिया ने पीछा किया व नाकाबंदी कराई। भोपालगढ़ में सीओ कार्यालय व भोपालगढ़ थाने के सामने पुलिस ने पकडऩे का प्रयास किया, लेकिन चालक ने दोनों जगह नाकाबंदी तोड़ी और भगाने लगा।
इस बीच, हीरादेसर चौराहे के पास एसयूवी का आगे का टायर फट गया। चालक ने कार वहीं छोड़ी और पैदल ही भागने लगा। पुलिस के पीछा करने पर युवक ने सीओ (भोपालगढ़) धर्मेन्द्र डूकिया व पुलिस बल पर गोलियां चलाईं। जवाब में सीओ ने भी दो राउण्ड फायर किए। गनीमत रही कि कोइ हताहत नहीं हुआ।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में युवक के हाथ से पिस्तौल गिर गई। तब पुलिस ने पीछा कर गुड़ा बिश्नोइयान गांव निवासी अशोक (27) पुत्र पूनाराम बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया। एक पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस और 74 हजार रुपए भी जब्त किए गए।
टायर फटने से लावारिस छोड़ी एसयूवी की तलाशी ली तो प्लास्टिक कट्टों में भरा 392 किलो डोडा पोस्त भी जब्त किया गया। पुलिस ने जानलेवा हमला, एनडीपीएस एक्ट, आम्र्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर अशोक बिश्नोई को गिरफ्तार किया। प्रशिक्षु आरपीएस योगेश चौधरी को जांच सौंपी गई है।