जोधपुर

इस साल एनएलयू में विद्यार्थियों के लिए फाइव डे वीक

NLU Jodhpur - लगातार दूसरे साल ऑनलाइन शैक्षणिक सत्र शुरू, इस साल भी विद्यार्थियों की 25 प्रतिशत फीस कम- ऑनलाइन पढ़ाई के बावजूद छात्रों को इंटरनेशनल फर्म में 70 लाख का पैकेज
2 min read
इस साल एनएलयू में विद्यार्थियों के लिए फाइव डे वीक
इस साल एनएलयू में विद्यार्थियों के लिए फाइव डे वीक

जोधपुर. राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एनएलयू) में लगातार दूसरे साल ऑनलाइन शैक्षणिक सत्र शुरू कर दिया गया है। लगातार दूसरे साल छात्र-छात्राओं को घर बैठे एनएलयू के शिक्षक पढ़ा रहे हैं। विश्वविद्यालय ने कोविड-19 को देखते हुए इस साल भी विद्यार्थियों के शुल्क में 25 से 30 प्रतिशत तक की कटौती की है। उधर ऑनलाइन पढ़ाई के बावजूद विद्यार्थियों का प्लेसमेंट काफी अच्छा रहा है। इस साल 3 विद्यार्थियों का चयन एलेन एंड ओवरी, हर्बट स्मिथ, क्लिफोर्ड चांस जैसी अंतरराष्ट्रीय विधि फर्म में 70 से 80 लाख रुपए के पैकेज में हुआ है।

प्रदेश के अन्य विश्वविद्यालयों की तरह एनएलयू भी विधानसभा में पारित एक्ट से बना है। एनएलयू ने परीक्षाओं का आयोजन ऑनलाइन करवाकर ऑनलाइन ही शैक्षणिक सत्र शुरू कर दिया जबकि प्रदेश के अन्य विश्वविद्यालय में अभी तक परीक्षाओं की निश्चित तिथि तक घोषित नहीं हुई है। एनएलयू छात्र-छात्राओं को घर बैठे विभिन्न तरह के प्रोजेक्ट और अन्य कार्य दिए जा रहे हैं ताकि उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता पर कोई असर नहीं पड़े।

इस साल से फाइव डे वीक
विवि में इस साल नव पदस्थापित रजिस्ट्रार नेहा गिरी ने नवाचार करते हुए पढ़ाई को सप्ताह में 5 दिन कर दिया है। पहले सप्ताह के दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी मिलती थी। छात्र-छात्राओं के अनुसार सप्ताह में पांच दिन पढ़ाई से प्रोजेक्ट सहित अन्य कार्य करने के लिए अतिरिक्त समय उपलब्ध हो सकेगा।

सभी विद्यार्थियों का प्लेसमेंट
एनएलयू से पंचवर्षीय विधि डिग्री प्राप्त करने वाले लगभग समस्त विद्यार्थियों का मल्टीनेशनल कंपनियों में प्लेसमेंट हो गया है। प्लेसमेंट कंपनी ने ऑनलाइन एग्जाम व इंटरव्यू किए थे। विवि के विद्यार्थियों का एजेडबी एंड पार्टनर्स बेंगलुरु, एजेडबी एंड पार्टनर्स मुंबई, देसाई एंड दीवानजी, आईसी यूनिवर्सल लीगल, इंडस लॉ, खेतान एंड कंपनी, मजमुदार एंड पार्टनर्स, शार्दुल अमरचंद मंगलदास, ट्राइलीगल जैसी लॉ फर्म में 13 से 18 लाख रुपए के पैकेज पर प्लेसमेंट हुआ है। न्यूनतम पैकेज 8 से 12 लाख रुपए मिला है।

Published on:
17 Jul 2021 06:17 pm