
जोधपुर.
राज्य की एसओजी-एटीएस ने पाली हाइवे पर कुड़ी भगतासनी के पास दो युवकों को गिरफ्तार कर पांच पिस्तौल, 162 जिंदा कारतूस व नौ मैग्जीन जब्त किए। दोनों आरोपी मध्यप्रदेश में धार जिले से यह हथियार लेकर आ रहे थे और बाड़मेर में सप्लाई करने वाले थे।
एसओजी-एटीएस सूत्रों के अनुसार मध्यप्रदेश से हथियारों की खेप आने की सूचना मिली। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वासुदेवसिंह के निर्देशन में एसओजी ने जोधपुर-पाली हाइवे पर जांच शुरू की। इस बीच, कुड़ी भगतासनी क्षेत्र में दो संदिग्ध युवक मध्यप्रदेश से आई एक बस से नीचे उतरे। वे एक अन्य वाहन में सवार होने लगे। संदिग्ध नजर आने पर पुलिस निरीक्षक विजय कुमार के नेतृत्व में एसओजी ने दोनों युवकों को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर बैग से पांच पिस्तौल मय मैग्जीन, चार अतिरिक्त मैग्जीन व 162 जिंदा कारतूस मिले। एसओजी ने दोनों युवकों को हिरासत में लिया और जयपुर ले गई, जहां रविवार को आम्र्स एक्ट में एफआइआर दर्ज कर बाड़मेर जिले के बालोतरा में महादेव कॉलोनी निवासी सुनील (25) पुत्र खीमराज घांची व जेठाराम (25) पुत्र किस्तूराराम घांची को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को जयपुर में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर तीन-तीन दिन रिमाण्ड पर लिया गया।
बाड़मेर में होनी थी आपूर्ति, अन्य की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि आरोपी मध्यप्रदेश के धार जिले में मनावर सिंगाना गांव से हथियार की यह खेप लेकर आए थे। वे बाड़मेर ले जाने वाले थे, जहां उन्हें अच्छे मुनाफे पर सप्लाई करने की साजिश थी।