
Jodhpur New Airport Terminal : केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करकमलों से जोधपुर को बहुप्रतीक्षित नये एयरपोर्ट टर्मिनल की सौगात मिलेगी, जो केवल जोधपुर ही नहीं, बल्कि पूरे मारवाड़ क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि होगी। गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को दिल्ली से जोधपुर पहुंचने पर हवाई अड्डे पर मीडिया से कहा कि लंबे संघर्ष और वर्षों की प्रतीक्षा के बाद जोधपुर के लिए यह गौरव का क्षण आया है। नए टर्मिनल के शुरू होने के बाद एयरपोर्ट की यात्री संभालने की क्षमता वर्तमान क्षमता से लगभग 10 गुना बढ़ जाएगी, जिससे भविष्य की आवश्यकताओं को आसानी से पूरा किया जा सकेगा।
गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि जोधपुर के उद्योग, शैक्षणिक संस्थान, बढ़ती आर्थिक गतिविधियां और पचपदरा रिफाइनरी के संचालन के बाद क्षेत्र में बढ़ने वाली औद्योगिक संभावनाओं को देखते हुए यह एयरपोर्ट पश्चिमी राजस्थान के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि 12 वर्ष पहले जब जोधपुर की जनता ने उन्हें आशीर्वाद देकर संसद भेजा था और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाने का अवसर दिया था, तब उन्होंने जोधपुरवासियों से एयरपोर्ट के निर्माण का संकल्प लिया था। उन्होंने कहा कि आज वह संकल्प पूरा होने पर अत्यंत विनम्र भाव से जोधपुर की जनता को बधाई देते हैं।
गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में जोधपुर के आधारभूत ढांचे में अभूतपूर्व विकास हुआ है। जोधपुर शहर को चारों दिशाओं से जोड़ने वाली नई सड़कें और राजमार्ग बने हैं। करीब 2000 करोड़ की लागत से रिंग रोड का निर्माण हुआ है। जोधपुर रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण किया गया है। 42 नयी लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ है। वंदे भारत ट्रेन की सौगात भी पीएम मोदी के कार्यकाल में जोधपुर को मिली है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह सभी विकास कार्य जोधपुर को पश्चिमी राजस्थान के प्रमुख आर्थिक और पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई की सुबह 11.45 बजे जोधपुर पहुंचकर शहर के बहुप्रतीक्षित नए एयरपोर्ट टर्मिनल का रिमोट से बटन दबाकर लोकार्पण करेंगे। इसी दौरान क्षेत्रीय हवाई संपर्क योजना ‘उड़ान-2’ का भी शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद वे हेलिकॉप्टर से बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी के कार्यक्रम के लिए रवाना होंगे।
करीब तीन वर्ष में तैयार हुए जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन पर लगभग 400 करोड़ रुपए की लागत आई है। यह भवन पुराने टर्मिनल की तुलना में लगभग छह गुना बड़ा है। इसमें छह एयरोब्रिज हैं, जो पश्चिमी राजस्थान के किसी भी एयरपोर्ट पर पहली बार लगाए गए हैं। नए टर्मिनल के एप्रन पर एक साथ 12 से अधिक विमानों की पार्किंग की व्यवस्था होगी, जबकि वर्तमान टर्मिनल पर केवल तीन से चार विमानों को ही खड़ा किया जा सकता है।